सीएम भगवंत मान 'मावां-धीयां सत्कार योजना' की करेंगे शुरूआत, महिलाओं के खातों में आएंगे 3000 और 4000 रुपए
चंड़ीगढ़, 1 जुलाई (आईएएनएस)। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान बुधवार को धुरी से बहुप्रतीक्षित ‘मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना’ की शुरुआत करेंगे। सरकारी सूत्रों के अनुसार दोपहर 12 बजे के बाद लाभार्थी महिलाओं के खातों में तीन महीने की सम्मान राशि एकमुश्त जमा की जाएगी।
विधानसभा चुनाव 2022 से पहले आम आदमी पार्टी द्वारा महिलाओं से किए गए प्रमुख वादों में शामिल इस योजना के तहत राज्य की महिलाओं के बैंक खातों में सम्मान राशि सीधे भेजी जाएगी। सामान्य वर्ग की महिलाओं को कुल 3,000 रुपए (1,000 रुपये प्रतिमाह) और अनुसूचित जाति (एससी) की महिलाओं को 4,500 रुपए (1,500 रुपये प्रतिमाह) की राशि सीधे बैंक खातों में भेजी जानी है।
पंजाब का कहना है कि अब तक इस योजना के लिए करीब 50 लाख महिलाओं का पंजीकरण हो चुका है। जो महिलाएं बाद में पंजीकरण कराएंगी, उन्हें भी पात्रता के अनुसार योजना का लाभ दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पहले ही स्पष्ट किया था कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्राप्त करने वाली महिलाएं भी इस योजना की पात्र होंगी। राज्य सरकार का अनुमान है कि पंजाब की लगभग 97 प्रतिशत महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलेगा। इसके लिए वर्ष 2025-26 के बजट में 9,300 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पिछले दिनों कहा था कि उनकी सरकार लगातार जनकल्याणकारी योजनाओं को लागू कर रही है। राज्य में घरों को मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई गई है, बिना भ्रष्टाचार के 68 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं, सड़कों का विकास किया गया है और कई टोल प्लाजा बंद कर प्रतिदिन लगभग 70 लाख की बचत सुनिश्चित की गई है। शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे को भी मजबूत करने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सिंचाई क्षेत्र में सुधार का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार बनने के समय नहरों के पानी का उपयोग केवल 22 प्रतिशत था, जो अब बढ़कर 80 प्रतिशत से अधिक हो गया है।
उन्होंने कहा कि गांवों के विकास के लिए भी नियमित रूप से अनुदान जारी किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य क्षेत्र में ‘मुख्यमंत्री सेहत योजना’ का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत पंजाब के प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जा रहा है और अब तक लोग 650 करोड़ रुपए से अधिक का मुफ्त उपचार प्राप्त कर चुके हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   1 July 2026 11:05 AM IST












