कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में ब्रॉन्ज जीता, बिंद्यारानी देवी ने बताया ओलंपिक के लिए क्या है प्लान?
ग्लासगो, 27 जुलाई (आईएएनएस)। भारत की बिंद्यारानी देवी सोरोखाइबम ने सोमवार को ग्लासगो में कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में महिलाओं की 58 किलोग्राम वेटलिफ्टिंग प्रतियोगिता में ब्रॉन्ज मेडल जीता। इससे पहले बिंद्यारानी देवी ने बर्मिंघम में हुए 2022 के गेम्स में 55 किग्रा वेट-क्लास में सिल्वर मेडल जीता था। लगातार दूसरा पदक जीतने के बाद बिंद्यारानी देवी लॉस एंजिल्स में खेले जाने वाले ओलंपिक गेम्स 2028 की तैयारी के बारे में बताया है।
मेडल जीतने के बाद बिंद्यारानी देवी सोरोखाइबम ने पत्रकारों से कहा, "ये मेरा दूसरा कॉमनवेल्थ गेम्स है, जिसमें मैंने मेडल जीता है। मेडल जीतकर मुझे काफी अच्छा लग रहा है। आगामी एशियन गेम्स में भी मेडल जीतने की कोशिश करूंगी। फेडरेशन ने हमारे लिए बर्मिंघम में 1 महीने का कैंप लगाया था। हमें पूरा सपोर्ट मिला है। हमारे कोच ने भी हमारा पूरा ख्याल रखा है। पहले 55 किग्रा कैटेगरी ओलंपिक में नहीं थी, जिसकी वजह से मैंने 58 वर्ग में खेलना शुरू किया। उसके बाद 55 किग्रा ओलंपिक में शामिल हो गया। मैं एशियन गेम्स तक 58 किग्रा वर्ग में खेलूंगी, जिसके बाद 53 किग्रा वर्ग में ओलंपिक की तैयारी करूंगी।"
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में ऋषिकांत सिंह ने पुरुषों की वेटलिफ्टिंग (60 किग्रा) प्रतियोगिता में भारत को सिल्वर जिताया। महिला वेटलिफ्टर मीराबाई चानू ने 48 किग्रा भार वर्ग में गोल्ड जीता। पुरुष वेटलिफ्टर मुथुपांडी राजा ने 65 किग्रा वर्ग में सिल्वर हासिल किया। महिला वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी यादव ने (53 किलोग्राम) में सिल्वर मेडल अपने नाम किया। इसके बाद बिंद्यारानी देवी ने देश को ब्रॉन्ज दिलाया।
हेड कोच विजय शर्मा ने 'आईएएनएस' से कहा, "जैसा हमने अनुमान लगाया था, वैसे ही मेडल मिल रहे हैं। हमें खुशी है कि एथलीट्स ने बेहतर प्रदर्शन किया है। ज्ञानेश्वरी ने अपने बेस्ट में 6 किलोग्राम जोड़ा है। हालांकि, बिंद्यारानी के एक लिफ्ट में चूकने से उनका कुल योग कम हो गया। उम्मीद है कि हमारे खिलाड़ी आगे और सुधार करेंगे।"
कोच ने कहा, "ये युवा एथलीट्स हैं, और इनमें से कुछ ने पहले ही एशियन गेम्स के लिए क्वालीफाई कर लिया है। हालांकि, मैं एशियन गेम्स के लिए उम्मीदें बहुत ज्यादा नहीं बढ़ाना चाहता, फिर भी वहां मेडल जीतने के लिए हमें बहुत कड़ी मेहनत करनी होगी। मुझे उम्मीद है कि इस बार हम 25 साल से चले आ रहे मेडल के सूखे को खत्म करेंगे और निश्चित रूप से मेडल जीतकर लौटेंगे।"
मणिपुर की इस वेटलिफ्टर ने कुल 199 किग्रा वजन उठाकर तीसरा स्थान हासिल किया; उन्होंने स्नैच में 87 किग्रा और क्लीन एंड जर्क में 112 किग्रा वजन उठाया। नाइजीरिया की राफियातू फोलाशादे लावल ने कुल 229 किग्रा (103 किग्रा स्नैच + 126 किग्रा क्लीन एंड जर्क) वजन उठाकर गोल्ड मेडल जीता। कनाडा की एन सोफी ताशेरो ने कुल 215 किग्रा (94 किग्रा स्नैच + 121 किग्रा क्लीन एंड जर्क) वजन के साथ सिल्वर मेडल जीता।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   27 July 2026 11:51 PM IST












