कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप भारतीय पुरुष टीम ने कटाया फाइनल का टिकट, सेमीफाइनल में बांग्लादेश को दी शिकस्त

कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप भारतीय पुरुष टीम ने कटाया फाइनल का टिकट, सेमीफाइनल में बांग्लादेश को दी शिकस्त
अहमदाबाद के वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेली गई कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप 2026 के सेमीफाइनल में शुक्रवार को भारतीय पुरुष टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को 56-27 से हराया।

अहमदाबाद, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। अहमदाबाद के वीर सावरकर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेली गई कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप 2026 के सेमीफाइनल में शुक्रवार को भारतीय पुरुष टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश को 56-27 से हराया।

इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है। पुरुषों के फाइनल में 31 अक्टूबर को भारत का मुकाबला श्रीलंका से होगा। श्रीलंका ने दूसरे सेमीफाइनल में केन्या को कड़े मुकाबले में 28-24 से हराया। पुरुषों के फाइनल में भारत ने शुरुआत से ही अपना दबदबा बना लिया। नवीन कुमार और नीरज नरवाल ने रेडिंग की कमान संभाली, जबकि दीपक एस और शुभम शिंदे ने डिफेंस को मजबूती दी। बांग्लादेश के लिए दिपायोन गोल्डर ने सफल रेड के साथ खाता खोला, लेकिन भारत ने जल्द ही खेल पर नियंत्रण कर लिया और शुरुआती पांच मिनट के भीतर ही पहला ऑलआउट कर दिया।

भरत हुड्डा और शिवम पटारे ने रेडिंग की जिम्मेदारी संभाली और भारत की बढ़त को और बढ़ाया, जबकि दीपक एस ने डिफेंस में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखा। पहले हाफ में आठ मिनट शेष रहते भारत ने दूसरा ऑलआउट किया और 28-8 की मजबूत बढ़त के साथ ब्रेक में गया। बांग्लादेश की टीम संघर्ष करती दिखी, वह पहले हाफ में एक भी टैकल प्वाइंट नहीं ले पाए, जबकि दिपायोन गोल्डर और मोहम्मद रहमान ने रेड के जरिए टीम के लिए कुछ अंक जुटाए।

ब्रेक के बाद भी भारत ने अपनी लय बनाए रखी। बेहतरीन रेडिंग और अनुशासित डिफेंस के दम पर खेल खत्म होने से 10 मिनट पहले भारत 38-16 से आगे था। भरत हुड्डा ने बांग्लादेश के डिफेंस को लगातार परेशान किया और चार मिनट शेष रहते एक और ऑलआउट कर दिया, जिससे भारत की बढ़त 49-20 हो गई। अंततः भारत ने 56-27 से एक बड़ी जीत दर्ज की। इस मैच में भारत ने 37 रेड प्वाइंट, 12 टैकल प्वाइंट और 6 ऑलआउट प्वाइंट हासिल किए। भारत के लिए भरत हुड्डा ने सबसे अधिक 13 प्वाइंट बनाए, जबकि शिवम पटारे ने 11 और नीरज नरवाल ने 9 प्वाइंट का योगदान दिया। डिफेंस में अजीत पवार ने भी अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 8 टैकल में 5 टैकल प्वाइंट हासिल किए। पूरे मैच के दौरान भारत ने बांग्लादेश पर अपना दबाव बनाए रखा।

दूसरे सेमीफाइनल में, श्रीलंका ने केन्या की मजबूत चुनौती का सामना करते हुए 28-24 से जीत दर्ज की और फाइनल में भारत के खिलाफ अपनी जगह पक्की की। श्रीलंका के लिए मिलिंद चतुरंगा और सबिहान ने 6-6 प्वाइंट बनाए, जबकि विदुरंगा ने 4 प्वाइंट जोड़े। श्रीलंका के डिफेंस की कमान माडे ड्विकी संजया ने संभाली, जिन्होंने 5 टैकल प्वाइंट हासिल किए। केन्या के लिए हेलविक वांजाला ने सबसे ज्यादा 9 प्वाइंट बनाए, जबकि सैमुअल वाफुला ने 6 प्वाइंट का योगदान दिया। महिलाओं के वर्ग में, भारत ने सेमीफाइनल में श्रीलंका को 39-14 से हराकर अपना दबदबा कायम रखा। अब फाइनल में भारत का सामना युगांडा से होगा, जिसने केन्या को 23-21 से हराया। यह मुकाबला आखिरी मिनट तक काफी रोमांचक रहा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story