कांग्रेस दूसरे राज्यों के लोगों को अपमानित कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश करती है रोहन गुप्ता
अहमदाबाद, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के एक विवादित बयान को लेकर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। केरल में आयोजित एक जनसभा के दौरान खड़गे द्वारा कथित रूप से गुजरात के लोगों को लेकर की गई टिप्पणी पर भारतीय जनता पार्टी और राज्य के लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा नेता रोहन गुप्ता ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कांग्रेस पर डिवाइड एंड रूल की राजनीति करने का आरोप लगाया है।
रोहन गुप्ता ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से कहा कि यह पहली बार नहीं है जब कांग्रेस नेताओं ने गुजरात की जनता का अपमान किया हो। उन्होंने आरोप लगाया कि जैसे ही किसी राज्य में चुनाव आते हैं, कांग्रेस दूसरे राज्यों के लोगों को अपमानित कर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश करती है, लेकिन हर बार इसमें विफल रहती है।
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र की जनता पहले ही कांग्रेस को जवाब दे चुकी है और अब केरल की जनता भी ऐसा ही करेगी। गुप्ता ने कांग्रेस पर “डिवाइड एंड रूल” की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यह वही नीति है जो अंग्रेजों की थी और कांग्रेस उसी राह पर चल रही है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस “मोहब्बत की दुकान” की बात करती है, लेकिन व्यवहार में नफरत फैलाने का काम करती है, और जनता अब इनके झांसे में आने वाली नहीं है।
इसी बीच, देश में कमर्शियल एलपीजी सप्लाई को लेकर भी स्थिति स्पष्ट करने की कोशिश की गई है। इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के अनुसार, मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों के बावजूद कमर्शियल एलपीजी की आपूर्ति करीब 70 प्रतिशत तक सामान्य बनी हुई है। कंपनी ने भरोसा दिलाया है कि सप्लाई को लगातार बनाए रखा जाएगा और अस्पताल, फार्मा तथा शिक्षा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जाएगी।
इस पर रोहन गुप्ता ने कहा कि यह नरेंद्र मोदी सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है कि वैश्विक संकट के बावजूद देश की जनता पर इसका प्रभाव कम से कम पड़े, इसके लिए सरकार और सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियां मिलकर काम कर रही हैं। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाया कि उन्होंने स्थिति को लेकर अनावश्यक डर फैलाने की कोशिश की, जबकि वास्तविकता यह है कि देश सामान्य रूप से आगे बढ़ रहा है।
महिला आरक्षण संशोधन बिल को लेकर संसद का सत्र एक दिन बढ़ाने के प्रस्ताव पर भी रोहन गुप्ता ने सरकार की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह सरकार की गंभीरता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि जिन मुद्दों पर दशकों तक काम नहीं हुआ, उन्हें मोदी सरकार ने आगे बढ़ाकर लागू किया है। उन्होंने धारा 370 हटाना, आतंकवाद पर नियंत्रण और नक्सलवाद के खिलाफ कार्रवाई जैसे फैसलों का जिक्र करते हुए कहा कि महिला आरक्षण बिल भी उसी दिशा में एक बड़ा और ऐतिहासिक कदम है। उनके अनुसार, यह देश की महिलाओं के लिए एक उत्सव के समान होगा और संसद का विशेष सत्र इस दिशा में एक मजबूत पहल साबित होगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   6 April 2026 11:11 PM IST












