'डकैत' की सफलता के लिए अदिवी शेष और मृणाल ठाकुर ने टेका मत्था, तिरुपति में लिया भगवान का आशीर्वाद
तिरुपति, 28 फरवरी (आईएएनएस)। अभिनेता अदिवी शेष और अभिनेत्री मृणाल ठाकुर जल्द ही फिल्म 'डकैत: एक प्रेम कथा' में साथ में दस्तक देंगे। बॉक्स ऑफिस में अच्छे प्रदर्शन के लिए दोनों कलाकार हाल ही में तिरुपति गए और वहां पर भगवान वेंकटेश्वर के सामने पूजा अर्चना की।
इस दौरान दोनों कलाकारों ने मंदिर में भगवान का आशीर्वाद लिया और फिल्म की सफलता की दुआ मांगी। मंदिर से बाहर निकलते ही दोनों ने आईएएनएस के साथ बातचीत की। अभिनेता अदिवि ने कहा, "असल में, हम कल अपनी फिल्म का एक गाना लॉन्च करने तिरुपति आए थे। इतनी दूर आने के बाद हमें लगा कि स्वामी जी के दर्शन जरूर करना चाहिए। सच कहूं, तो उनके बिना दर्शन किए जाने का ऐसा कुछ मन भी नहीं था।''
उन्होंने आगे कहा, "अब हमें सुकून महसूस हो रहा है। हमने यहां का प्रसाद खाया है; यह बहुत अच्छा है। सब कुछ बहुत अच्छे से हुआ। टीटीडी और यहां के सभी लोगों का दिल से शुक्रिया, जिन्होंने हमारी पूरी व्यवस्था संभाली।"
अभिनेत्री मृणाल ठाकुर ने भी अपनी खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, "हमने फिल्म 'डकैत' के अच्छे प्रदर्शन के लिए यहां प्रार्थना की। मैं यहां पर पहली बार आई हूं। दर्शन करके बहुत अच्छा लगा और अंदर से शांति मिली। उम्मीद है कि मैं हर साल यहां आती रहूंगी।"
'डकैत: एक प्रेम कथा' मूवी 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। शेनिल देव द्वारा निर्देशित इस फिल्म की कहानी एक प्रेमी युगल के इर्दगिर्द घूमती है, जहां युवक प्रेमिका से मिले धोखे के बाद बदले की राह चुनता है।
वहीं, मूवी में अनुराग कश्यप भी एक अहम भूमिका निभा रहे हैं। फैंस ट्रेलर और गानों के बाद अब मूवी रिलीज होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
शेनिल देव द्वारा निर्देशित फिल्म 'डकैत: एक प्रेम कथा' एक ऐसी प्रेम कहानी है जिसमें युवक अपनी प्रेमिका से मिले धोखे के बाद बदले की राह चुनता है। फिल्म में मृणाल और अदिवि के अलावा, अनुराग कश्यप भी अहम भूमिका अदा करते दिखेंगे, लेकिन विलेन के तौर पर। यह फिल्म 10 अप्रैल को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   28 Feb 2026 5:46 PM IST











