दलित छात्रा ललिता गौतम के परिजनों से मिले सीएम योगी, घटना पर जताया दुख, कहा- दोषी बचेंगे नहीं
गाजियाबाद, 18 जुलाई (आईएएनएस)। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को मेरठ की दिवंगत दलित छात्रा ललिता गौतम के परिजनों से गाजियाबाद स्थित पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में मुलाकात कर घटना पर गहरा दुःख व्यक्त किया।
उन्होंने शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाते हुए भरोसा दिलाया कि इस जघन्य अपराध के प्रत्येक दोषी के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने प्रकरण की विवेचना में किसी भी स्तर पर लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों एवं कर्मियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पुलिस अधिकारियों को अभियोजन की प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करते हुए दोषियों को कठोरतम दंड दिलाने के लिए सभी आवश्यक विधिक कदम उठाने के निर्देश भी दिए। मुख्यमंत्री ने पीड़ित परिवार को तत्काल राहत प्रदान करते हुए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने मृतका के पिता तथा परिवार के एक अन्य पात्र सदस्य को मुख्यमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देशित किया कि पीड़ित परिवार को आयुष्मान भारत योजना, राशन कार्ड सहित सभी पात्र लाभार्थीपरक सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए, ताकि परिवार को हरसंभव सहयोग मिल सके।
उल्लेखनीय है कि मेरठ की दलित छात्रा ललिता गौतम की मौत का मामला प्रदेश की राजनीति में भी चर्चा का विषय बना हुआ है। घटना को लेकर विपक्षी दल लगातार योगी सरकार को घेर रहे हैं। बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती और आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद भी इस मामले में सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा चुके हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर चुके हैं।
वहीं, राज्य सरकार का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। इसी क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर न्याय का भरोसा दोहराया। इस अवसर पर समाज कल्याण मंत्री एवं मेरठ के जिला प्रभारी मंत्री असीम अरुण सहित वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे।
--आईएएनएस
विकेटी/एएस
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 July 2026 1:09 PM IST












