डीसीपी ने कांवड़ यात्रा की तैयारी का लिया जायजा, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
ग्रेटर नोएडा, 4 जुलाई (आईएएनएस)। आगामी कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गौतमबुद्धनगर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन एवं अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र के पर्यवेक्षण में शुक्रवार को पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) ग्रेटर नोएडा रवि शंकर निम ने अपर पुलिस उपायुक्त संतोष कुमार के साथ थाना कासना, दनकौर और रबूपुरा क्षेत्र में कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।
इस दौरान सुरक्षा, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया गया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कांवड़ मार्ग पर बैरिकेडिंग, डायवर्जन प्वाइंट, संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, चिकित्सा सहायता, पार्किंग तथा श्रद्धालुओं के लिए की जा रही अन्य व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों और पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ मार्ग पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या अवरोध न रहने पाए और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी कर ली जाएं।
डीसीपी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान लगातार पुलिस गश्त सुनिश्चित की जाए तथा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए। यातायात व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के भी निर्देश दिए गए। साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक संसाधनों और सुरक्षा व्यवस्थाओं को पहले से तैयार रखने पर विशेष जोर दिया गया, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।
वहीं, पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन तथा डीसीपी एवं एडीसीपी सेंट्रल नोएडा के पर्यवेक्षण में एसीपी-1 सेंट्रल नोएडा श्रीमती दीक्षा सिंह ने थाना सेक्टर-63 में शांति समिति एवं संभ्रांत नागरिकों के साथ गोष्ठी आयोजित की। बैठक में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, डीजे संचालकों और कांवड़ शिविर आयोजकों से संवाद कर उन्हें प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई।
एसीपी दीक्षा सिंह ने कहा कि सभी नागरिक शांति एवं सौहार्द बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें और किसी भी प्रकार से कानून-व्यवस्था प्रभावित न होने दें। उन्होंने डीजे संचालकों को निर्धारित नियमों का पालन करने की हिदायत दी, जबकि शिविर आयोजकों से कहा कि कांवड़ शिविर केवल चिन्हित स्थानों पर ही लगाए जाएं, ताकि यातायात बाधित न हो। बरसात के मौसम को देखते हुए उन्होंने शिविरों में लगे विद्युत उपकरणों की नियमित जांच करने, सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा प्रत्येक शिविर में आपातकालीन मेडिकल किट उपलब्ध रखने के निर्देश दिए।
साथ ही संबंधित अधिकारियों को कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को पूरी तरह सुचारु बनाए रखने और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
गौतमबुद्धनगर पुलिस का कहना है कि कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए सुरक्षा, यातायात और जनसुविधाओं से जुड़े सभी पहलुओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस और प्रशासन के समन्वित प्रयासों से श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 July 2026 10:45 AM IST












