दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर 'भजन क्लबिंग' में पहुंचे पीएम मोदी, युवाओं ने बताया यादगार अनुभव

दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर भजन क्लबिंग में पहुंचे पीएम मोदी, युवाओं ने बताया यादगार अनुभव
पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती पर दिल्ली के दीनदयाल उपाध्याय पार्क में आयोजित 'भजन क्लबिंग' कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल हुए। कार्यक्रम में युवाओं और अन्य लोगों ने भजनों का आनंद लिया। प्रधानमंत्री के अचानक कार्यक्रम में पहुंचने से वहां मौजूद लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

नई दिल्ली, 25 सितंबर (आईएएनएस)। पंडित दीनदयाल उपाध्याय की 110वीं जयंती पर दिल्ली के दीनदयाल उपाध्याय पार्क में आयोजित 'भजन क्लबिंग' कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शामिल हुए। कार्यक्रम में युवाओं और अन्य लोगों ने भजनों का आनंद लिया। प्रधानमंत्री के अचानक कार्यक्रम में पहुंचने से वहां मौजूद लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।

कार्यक्रम में शामिल लोगों ने इसे आध्यात्मिक संगीत, सामाजिक मेलजोल और युवा पीढ़ी को भारतीय संस्कृति से जोड़ने वाला अनूठा अनुभव बताया।

कार्यक्रम में शामिल एक व्यक्ति ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि आमतौर पर कॉन्सर्ट में तेज संगीत के कारण कार्यक्रम खत्म होने के बाद भी परेशानी महसूस होती है, लेकिन 'भजन क्लबिंग' का अनुभव बिल्कुल अलग रहा। यहां संगीत खत्म होने के बाद उन्हें किसी तरह की परेशानी नहीं हुई, बल्कि एक ताजगी का अहसास हुआ।

उन्होंने कहा, "यह वाकई बहुत अच्छा अनुभव था। जब हम कॉन्सर्ट में जाते हैं तो वहां का तेज संगीत कार्यक्रम खत्म होने के बाद भी काफी परेशान कर सकता है। लेकिन यहां सब कुछ बहुत आराम से खत्म हुआ और बहुत ताजगी महसूस हुई। न तो सिरदर्द हुआ और न ही कान में दर्द। बहुत अच्छा लगा।"

एक अन्य शख्स ने कहा कि कार्यक्रम में उन्हें बहुत आनंद आया। उन्होंने स्क्रीन पर कलाकारों को देखा और कई भजन सुने। उन्होंने कहा कि महादेव, पार्वती और अन्य देवी-देवताओं से जुड़े भजनों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। मैंने बहुत सारे भजन सुने। महादेव के भजन सुने, पार्वती के भजन सुने। बहुत मजा आया।

कार्यक्रम में शामिल एक अन्य व्यक्ति ने अपने अनुभव को बेहद शानदार बताया। उन्होंने कहा कि यह उनका पहला 'भजन क्लबिंग' अनुभव था और उन्हें यह बेहद पसंद आया। उन्होंने इसे "अब तक का सबसे अच्छा अनुभव" बताया।

एक शख्स ने कहा कि कार्यक्रम की खास बात यह रही कि यहां संगीत के साथ सामाजिक मेलजोल का भी अवसर मिला। लोग एक-दूसरे से मिले और साथ बैठकर भजनों का आनंद लिया। यह अनुभव युवाओं को मनोरंजन के एक अलग माध्यम से जोड़ने के साथ-साथ भारतीय संस्कृति के करीब लाने वाला भी रहा। उन्होंने मंच और बैकस्टेज कलाकारों की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि कलाकारों ने लगातार करीब दो घंटे तक प्रस्तुति दी और बिना किसी परेशानी के शानदार संगीत पेश किया। कलाकारों का संगीत के प्रति समर्पण साफ नजर आया।

कार्यक्रम में मौजूद कुछ लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी की मौजूदगी को भी अपने लिए खास अनुभव बताया। एक शख्स ने कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि प्रधानमंत्री कार्यक्रम में आने वाले हैं। उन्होंने कहा कि सभी लोग सामान्य रूप से कार्यक्रम में पहुंचे थे, लेकिन प्रधानमंत्री को वहां देखकर हर कोई चौंक गया।

एक अन्य व्यक्ति ने कहा कि प्रधानमंत्री को युवाओं के बीच इस तरह बैठकर कार्यक्रम का आनंद लेते देखना यादगार रहा। उन्होंने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का भी धन्यवाद किया और कहा कि 'भजन क्लबिंग' के माध्यम से युवाओं को भारतीय संस्कृति और भक्ति संगीत से जोड़ने की कोशिश की गई है।

कार्यक्रम में आमंत्रित एक प्रतिभागी ने बताया कि शुरुआत में ट्रैफिक के कारण उन्हें लगा था कि वे कार्यक्रम में पहुंच नहीं पाएंगे। आखिरकार हम यहां पहुंचे। पीएम मोदी को बिल्कुल सामने बैठे देखना ऐसा लग रहा था जैसे यह सब किसी कल्पना का हिस्सा हो। प्रधानमंत्री को युवाओं के बीच बैठकर भजन सुनते देखना बेहद सुखद अनुभव था।

कार्यक्रम में प्रस्तुति देने वाले कलाकारों की भी लोगों ने जमकर सराहना की। एक व्यक्ति ने कहा कि राघव और प्राची की प्रस्तुति बेहद प्रभावशाली रही। प्रधानमंत्री की मौजूदगी और भजनों का वातावरण ऐसा था कि उन्हें लगा जैसे भगवान राम ने उन्हें विशेष रूप से आशीर्वाद दिया हो।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   25 Sept 2026 11:05 PM IST

Tags

Next Story