दिल्ली की सनातन सरकार में दीपावली की भव्यवता दिखाई देती है सीएम रेखा गुप्ता

नई दिल्ली, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली सरकार इस दीपावली को ऐतिहासिक बनाने के लिए कर्तव्य पथ पर 1 लाख 51 हजार दीयों की भव्य श्रृंखला प्रदर्शित करने जा रही है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस आयोजन को देश की राजधानी की सांस्कृतिक पहचान से जोड़ते हुए कहा कि दिल्ली की दीपावली देश की राजधानी की दीपावली है। इसे न केवल भव्य दिखना चाहिए, बल्कि इसे महसूस भी किया जाना चाहिए।
मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि सनातनी सरकार के नेतृत्व में दीपावली की यह भव्यता स्पष्ट दिखाई दे रही है। दिल्ली का हर नागरिक इस उत्सव से खुश है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जीएसटी में छूट, ग्रीन पटाखों को अनुमति और छठ पूजा की भव्य तैयारियों ने दिल्लीवासियों को वह उत्सव प्रदान किया है, जो वे सालों से मिस करते आ रहे थे। उन्होंने कहा कि जब कर्तव्य पथ पर लाखों दीये जलेंगे, उस रौशनी के साथ यह कामना की जाएगी कि देश और दिल्ली प्रकाशमान हों।
रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि आज शाम 6 बजे से कर्तव्य पथ पर 1 लाख 51 हजार दीपों की भव्य श्रृंखला, राम कथा, ड्रोन शो और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ दिल्ली अपना पहला दिव्य दीपोत्सव मना रही है। यह आयोजन हमारे हिंदू पर्वों का सांस्कृतिक जागरण है, यह आस्था, आत्मगौरव और सनातन परंपरा के पुनर्जागरण का क्षण है। आइए, इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनें। जय श्रीराम।
दूसरे पोस्ट में लिखा कि अयोध्या में जब प्रभु श्रीराम लौटे थे, दीपों से पूरी धरती जगमगा उठी थी। और जब रामलला अपने भव्य मंदिर में विराजे, भारत ने अपनी आत्मा को फिर से पहचान लिया। वही चेतना, वही प्रभु श्री राम का अयोध्या आगमन दिल्ली के कर्तव्य पथ पर अवतरित होने जा रही है। 1 लाख 11 हजार दीपों की श्रृंखला, दिव्य राम कथा, भव्य ड्रोन शो और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के संग, दिल्ली अपना पहला दिव्य दीपोत्सव मना रही है। यह उस सनातन संस्कृति का प्रतीक है, जो युगों से यह संदेश देती आई है कि “राम थे, राम हैं, और राम रहेंगे।” आइए, इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बनें।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   18 Oct 2025 10:07 PM IST