दिल्ली गीता कॉलोनी के रानी गार्डन इलाके में लगी आग, 8 से अधिक झुग्गियां जलकर खाक

नई दिल्ली, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली के गीता कॉलोनी थाना इलाके के रानी गार्डन में रविवार तड़के भीषण आग लग गई। आग पर काबू पाने के लिए दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। बताया गया कि आग में 8 से 10 झुग्गियां जलकर खाक हो गईं।
आग लगने की यह घटना रविवार तड़के करीब 3 बजे की है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां और पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं। आग कई झुग्गियों में फैल चुकी थी। कड़ी मशक्कत के बाद दमकल विभाग ने आग पर काबू पाया। गनीमत यह रही कि आग लगने की इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है।
फायर ऑफिसर दीपक हुड्डा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस को बताया कि झुग्गियों में आग लगने की सूचना मिली थी और हम तुरंत मौके पर पहुंच गए। लगभग 6 दमकल गाड़ियां तैनात की गईं और हमने आग बुझाने का काम शुरू किया। किसी के घायल होने या जान जाने की कोई खबर नहीं है। हमें यह सूचना सुबह करीब 3.06 या 3.07 बजे मिली थी। इस घटना में लगभग 8 से 10 झुग्गियां प्रभावित हुई हैं।
आग में अपनी झुग्गी गंवाने वाले एक व्यक्ति ने बताया, "हम यहां एक झुग्गी में रहते थे, जिसमें तीन कमरे बने हुए थे। पास ही एक हैंडपंप भी था। हम सो रहे थे, तभी अचानक किसी के चिल्लाने की आवाज आई। पीछे रहने वाले भरत नाम के एक व्यक्ति ने चिल्लाकर बताया कि बहुत भीषण आग लग गई है। आग इतनी तेज थी कि हम बड़ी मुश्किल से अपनी जान बचाकर निकल पाए।
एक अन्य पीड़ित व्यक्ति ने बताया, "मुझे सही समय तो नहीं पता क्योंकि मैं काम पर गया हुआ था, लेकिन घर से फोन आया तो मैं तुरंत वापस आ गया। मेरे बच्चे यहीं थे, उन्होंने मुझे फोन करके बताया कि झुग्गियों में आग लग गई है। यहां लगभग 15 से 16 झुग्गियां थीं, जो पूरी तरह जलकर खाक हो गई हैं। अंदर का सारा सामान नष्ट हो गया है, जिससे हम सभी का बहुत बड़ा नुकसान हुआ है।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
