दिल्ली कारोबारी से काला जठेड़ी गैंग के नाम पर रंगदारी मांगने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
नई दिल्ली, 9 जून (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस की नॉर्थ-वेस्ट जिला इकाई ने काला जठेड़ी गैंग के नाम पर एक कारोबारी से रंगदारी मांगने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी खुद को कुख्यात गैंग का सदस्य बताकर व्हाट्सएप कॉल के जरिए धमकियां दे रहे थे और अंतरराष्ट्रीय नंबरों से पैसे की मांग कर रहे थे।
यह मामला आदर्श नगर क्षेत्र के कारोबारी रोहित जैन से जुड़ा है, जो बवाना सेक्टर-5 में प्लास्टिक ग्लू टेप निर्माण का व्यवसाय करते हैं। बताया जा रहा है कि रोहित जैन का हरियाणा के यमुनानगर निवासी साहिल गर्ग के साथ करीब 2 करोड़ 95 लाख रुपए के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था।
इसी दौरान उन्हें विदेशी नंबरों से व्हाट्सएप कॉल आने लगीं। कॉल करने वाले खुद को काला जठेड़ी गैंग का सदस्य बताते हुए पैसे की मांग कर रहे थे। आरोपियों ने धमकी दी कि यदि रकम नहीं दी गई तो कारोबारी की हत्या कर दी जाएगी।
शिकायत मिलने के बाद आदर्श नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। डीसीपी आकांक्षा यादव के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी निगरानी और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी हरियाणा के करनाल, जगाधरी, यमुनानगर और चंडीगढ़ क्षेत्रों में लगातार घूम रहे थे। इसके बाद कई जगहों पर छापेमारी कर पुलिस ने पहले राजन कालरा को गिरफ्तार किया और उसकी निशानदेही पर सह-आरोपी साहिल गर्ग को भी दबोच लिया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि उनका किसी भी गैंग से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने केवल काला जठेड़ी गैंग का नाम इस्तेमाल कर कारोबारी को डराने और दबाव बनाने की कोशिश की थी।
पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनका इस्तेमाल धमकी भरे कॉल और रंगदारी मांगने के लिए किया जा रहा था। गिरफ्तार आरोपियों में राजन कालरा यमुनानगर का कारोबारी है, जबकि साहिल गर्ग मेडिकल उपकरणों के कारोबार से जुड़ा हुआ है।
फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस पूरे मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 Jun 2026 3:43 PM IST












