दिल्ली में नशे के खिलाफ अभियान तेज, 56 ग्राम स्मैक के साथ महिला गिरफ्तार
नई दिल्ली, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली के शाहदरा इलाके में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने महिला के पास से 56.39 ग्राम स्मैक भी जब्त किया है, जिसकी बाजार कीमत करीब 20 लाख रुपए बताई जा रही है।
यह कार्रवाई 2 अप्रैल 2026 को की गई, जब पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि न्यू सीमापुरी इलाके में एक महिला स्मैक की खरीद-फरोख्त में लगी हुई है। यह महिला जेतुन उर्फ विधवा नाम से जानी जाती है और इलाके में लंबे समय से इस अवैध धंधे में शामिल है।
सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर विनोद कुमार के नेतृत्व में एक टीम तैयार की गई, जिसमें एसआई धीर, एएसआई शोकिंदर, हेड कांस्टेबल राजेश, वेदपाल, पंकज, अर्जुन, दीपक और महिला कांस्टेबल शिवानी शामिल थी। इस पूरी कार्रवाई की निगरानी एसीपी मोहितर सिंह कर रहे थे। टीम ने योजना बनाकर न्यू सीमापुरी के मछली मार्केट इलाके में छापा मारा और आरोपी महिला को पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद जब महिला की तलाशी ली गई तो उसके कपड़ों में छिपाकर रखे गए एक छोटे पॉलिथीन पैकेट से 56.39 ग्राम स्मैक बरामद हुई। बरामदगी के बाद पुलिस ने सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए माल जब्त कर लिया और आरोपी के खिलाफ सीमापुरी थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया।
पूछताछ के दौरान महिला ने खुलासा किया कि वह किस सप्लायर से यह नशा लाती थी। इसके बाद पुलिस अब उस पूरे नेटवर्क को पकड़ने के लिए छापेमारी कर रही है, ताकि ड्रग्स सप्लाई की पूरी चेन का खुलासा किया जा सके।
मछली मार्केट, न्यू सीमापुरी की रहने वाली जेतुन उर्फ विधवा, जिसकी उम्र करीब 60 साल है, पहले सब्जी बेचकर अपना गुजारा करती थी। खराब आर्थिक स्थिति के चलते वह गलत संगत में आ गई और ड्रग्स का धंधा शुरू कर दिया। पुलिस के मुताबिक, वह पहले भी एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में शामिल रह चुकी है, जिससे साफ है कि वह इस काम की आदी हो चुकी थी।
फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस इस नेटवर्क से जुड़े बाकी लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   4 April 2026 3:54 PM IST











