दिल्ली-एनसीआर में मौसम का बदला मिजाज, अगले तीन दिन बारिश के आसार; वायु गुणवत्ता में भी सुधार
नई दिल्ली, 12 सितंबर (आईएएनएस)। मौसम विज्ञान विभाग के ताजा पूर्वानुमानों के अनुसार, मौसम में आए बदलाव के कारण शनिवार से लेकर अगले तीन दिनों तक दिल्ली समेत पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान में गिरावट आएगी।
दूसरी ओर, बारिश और तेज हवाओं के कारण दिल्ली-एनसीआर की वायु गुणवत्ता में भी जबरदस्त सुधार देखने को मिला है, और हवा अब 'ग्रीन जोन' में पहुंच चुकी है। आईएमडी की रिपोर्ट के मुताबिक, 12 सितंबर को दिल्ली का अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आर्द्रता (ह्यूमिडिटी) 85 से 55 प्रतिशत के बीच रहेगी। मौसम विभाग ने बादल छाए रहने और मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है।
13 सितंबर को तापमान थोड़ा बढ़कर 32 डिग्री अधिकतम और 26 डिग्री न्यूनतम तक पहुंच सकता है, लेकिन आर्द्रता 90 प्रतिशत तक रहेगी। इस दिन भी बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने की संभावना है। 14 सितंबर को अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री रहने का अनुमान है। 15 सितंबर को पारा और गिरकर 24 डिग्री तक जा सकता है, और हल्की बारिश भी हो सकती है।
16 सितंबर को भी तापमान 31 और 25 डिग्री के बीच रहेगा, और हल्की बारिश होगी। हालांकि, 17 सितंबर को मौसम में थोड़ा सुधार देखने को मिलेगा। इस दिन अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री तक पहुंच सकता है, और आसमान में बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश की संभावना कम है।
बारिश और अनुकूल मौसमी परिस्थितियों का असर वायु गुणवत्ता पर साफ तौर पर देखा जा सकता है। दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) के आंकड़ों के अनुसार, राजधानी के अधिकांश इलाकों में हवा की गुणवत्ता 'संतोषजनक' से 'अच्छी' श्रेणी में है। दिल्ली के अलग-अलग इलाकों की बात करें तो अशोक विहार में एक्यूआई 98, अलीपुर में 87, आनंद विहार में 83, बुराड़ी क्रॉसिंग में 86, कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 82, सीआरआरआई मथुरा रोड में 70, डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में 71, आया नगर में 79 और चांदनी चौक में 73 दर्ज किया गया।
नोएडा में भी हवा की गुणवत्ता बेहतर बनी हुई है। सेक्टर-62 में एक्यूआई 70, सेक्टर-1 में 77 दर्ज किया गया। हालांकि, सेक्टर-125 और सेक्टर-116 में एक्यूआई 122 रहा, जो मध्यम श्रेणी में आता है। गाजियाबाद की बात करें तो यहां की हवा सबसे साफ रही। गोविंदपुरम में एक्यूआई 43, इंदिरापुरम में 53, संजय नगर में 81, वसुंधरा में 86 और वेद विहार-लोनी में 95 दर्ज किया गया। हालांकि, लोनी में एक्यूआई 113 रहा, जो मध्यम श्रेणी में है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   12 Sept 2026 9:42 AM IST












