ऑपरेशन शुद्ध प्रहार उत्तर-पूर्वी दिल्ली में 10 दिन में 569 गिरफ्तार, हथियार-नशीले पदार्थ बरामद

ऑपरेशन शुद्ध प्रहार उत्तर-पूर्वी दिल्ली में 10 दिन में 569 गिरफ्तार, हथियार-नशीले पदार्थ बरामद
त्योहारी सीजन के दौरान कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से दिल्‍ली के पूर्वोत्तर जिला पुलिस ने 20 से 29 अक्टूबर तक ऑपरेशन शुद्ध प्रहार चलाया।

नई दिल्ली, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। त्योहारी सीजन के दौरान कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से दिल्‍ली के पूर्वोत्तर जिला पुलिस ने 20 से 29 अक्टूबर तक ऑपरेशन शुद्ध प्रहार चलाया।

दस दिनों तक चले इस विशेष अभियान में विभिन्न आपराधिक मामलों में 569 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि बड़ी मात्रा में अवैध हथियार, मादक पदार्थ, शराब, चोरी का सामान और अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं बरामद की गईं।

पुलिस के मुताबिक, अभियान के दौरान जिले के सभी थानों और विशेष इकाइयों ने समन्वित कार्रवाई करते हुए अपराधियों, बदमाशों, आदतन अपराधियों, अवैध शराब कारोबारियों, नशा तस्करों, जुआरियों और अन्य असामाजिक तत्वों के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया।

अभियान के दौरान हत्या के मामलों में छह और हत्या के प्रयास के मामलों में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं लूट के मामलों में आठ और झपटमारी के मामलों में सात लोगों को पकड़ा गया। पुलिस ने लूट और झपटमारी से जुड़े मामलों में मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और अन्य सामान भी बरामद किया।

पुलिस ने 15 अपराधियों को भी गिरफ्तार किया। चोरी और सेंधमारी से जुड़े मामलों में 184 लोगों को पकड़ा गया, जिनके कब्जे से सोने की चेन, मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल और स्कूटी बरामद की गईं।

शस्त्र अधिनियम के तहत 48 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जिनके पास से एक देसी पिस्तौल, एक कारतूस और 46 चाकू बरामद किए गए। वहीं आबकारी अधिनियम के तहत 24 लोगों को गिरफ्तार कर 1,547 क्वार्टर देसी शराब, 13 क्वार्टर आईएमएफएल और नकदी जब्त की गई।

एनडीपीएस अधिनियम के तहत आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर 5.09 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। जुआ अधिनियम के मामलों में 75 लोगों की गिरफ्तारी के साथ 76 हजार रुपये से अधिक नकदी जब्त की गई।

अभियान की प्रमुख उपलब्धियों में मिलावटी घी बनाने वाली एक फैक्ट्री का भंडाफोड़ भी शामिल रहा। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर 221.5 किलोग्राम मिलावटी घी और निर्माण में उपयोग होने वाले उपकरण बरामद किए। इसके अलावा अवैध पटाखा निर्माण में शामिल दो फैक्ट्रियों का भंडाफोड़ किया गया, जहां से 828.1 किलोग्राम पटाखे बरामद किए गए और नौ लोगों को गिरफ्तार किया गया।

पूर्वोत्तर जिला पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लगभग चार करोड़ रुपये मूल्य की 161 रिमोट रेडियो यूनिट (आरआरयू) भी बरामद की हैं। इसके अलावा कई वाहन, पटाखे और अन्य प्रतिबंधित सामान भी जब्त किए गए।

प्रवर्तन कार्रवाई के साथ-साथ पुलिस ने निवारक कदम भी उठाए। अभियान के दौरान कानून के विभिन्न प्रावधानों के तहत 6,103 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। दिल्ली पुलिस अधिनियम और बीएनएसएस की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए 266 वाहनों को जब्त किया गया तथा 154 कलंद्रे तैयार किए गए।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि "ऑपरेशन शुद्ध प्रहार" अपराध नियंत्रण, सार्वजनिक सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए चलाया गया एक विशेष अभियान था। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे लक्षित अभियान जारी रहेंगे और संगठित अपराध, सड़क अपराध तथा महिलाओं के खिलाफ अपराध के प्रति शून्य सहिष्णुता की नीति पर सख्ती से अमल किया जाएगा।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story