दिल्ली सरकार जनसेवा को जनता के द्वार तक पहुंचाने में पूरी तरह सफल रही सीएम गुप्ता
नई दिल्ली, 20 जून (आईएएनएस)। दिल्ली सरकार की ओर से आयोजित तीन दिवसीय (18 से 20 जून) जन कल्याण शिविरों के दूसरे दिन दिल्लीवासियों का उत्साह और अधिक बढ़ गया है। शिविर के दूसरे दिन विभिन्न केंद्रों पर रिकॉर्ड 28,107 नागरिकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और विभिन्न सरकारी योजनाओं व सेवाओं का सीधा लाभ उठाया। उन्होंने विभिन्न सरकारी योजनाओं, सेवाओं और अपनी समस्याओं के समाधान से संबंधित जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक प्रक्रियाओं में भाग लिया। शिविर के पहले दिन आधिकारिक जानकारी के अनुसार 15,866 लोग पहुंचे थे। दो दिनों को मिलाकर अब तक कुल 43,973 नागरिकों ने इन शिविरों के माध्यम से सरकारी सेवाओं और अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आवेदन किए।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस भारी जनभागीदारी पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि जन कल्याण शिविरों को मिल रहा यह व्यापक समर्थन इस बात का प्रमाण है कि दिल्ली सरकार जनसेवा को जनता के द्वार तक पहुंचाने में पूरी तरह सफल रही है। जब लोगों को उनके घर के पास ही सभी विभागों के अधिकारी एक छत के नीचे मिल जाते हैं तो उनका समय और भागदौड़ दोनों बचती है। दूसरे दिन त्रिलोकपुरी केंद्र भी पहले दिन की तरह दूसरे दिन भी शीर्ष पर रहा, जहां सबसे अधिक 1,349 नागरिकों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इसके बाद गोकलपुर केंद्र पर 1,335 लोग पहुंचे। सावित्री नगर केंद्र पर भी जनभागीदारी का ग्राफ तेजी से बढ़ा और 1,253 नागरिक अपनी समस्याओं के समाधान के लिए पहुंचे। ईस्ट लोनी रोड केंद्र पर भी 1,246 नागरिकों की उल्लेखनीय उपस्थिति दर्ज की गई। इसके अलावा नजफगढ़ स्टेडियम 1,121, विकासपुरी 1,051 और राजौरी गार्डन 1,130 केंद्रों पर भी नागरिकों की संख्या एक हजार के पार पहुंच गई।
शिविर में पहुंचे नागरिक मुख्य रूप से राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, वृद्ध व विधवा पेंशन, नए जल कनेक्शन, आधार पंजीकरण, ई-श्रम कार्ड, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना तथा प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाने और आवेदन करने पहुंच रहे हैं। विभिन्न विभागों के अधिकारी मौके पर ही दस्तावेजों की जांच कर त्वरित प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   20 Jun 2026 5:23 PM IST












