दिल्ली सरकार का बड़ा लक्ष्य, ग्रीन एक्शन प्लान में 22 विभाग लगाएंगे 70 लाख से अधिक पेड़

दिल्ली सरकार का बड़ा लक्ष्य, ग्रीन एक्शन प्लान में 22 विभाग लगाएंगे 70 लाख से अधिक पेड़
दिल्ली सरकार ने ग्रीन एक्शन प्लान (गैप) 2026-27 के तहत पौधारोपण का महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किया है। पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बुधवार को घोषणा की कि 22 विभाग मिलकर 70.05 लाख से अधिक पेड़, झाड़ियां और बांस की हेज लगाएंगे।

नई दिल्ली, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली सरकार ने ग्रीन एक्शन प्लान (गैप) 2026-27 के तहत पौधारोपण का महत्वाकांक्षी लक्ष्य तय किया है। पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बुधवार को घोषणा की कि 22 विभाग मिलकर 70.05 लाख से अधिक पेड़, झाड़ियां और बांस की हेज लगाएंगे।

यह संशोधित लक्ष्य पिछले वर्ष की तुलना में काफी बड़ा है। फॉरेस्ट एंड वाइल्डलाइफ विभाग को इस पूरे अभियान की नोडल एजेंसी बनाया गया है, जो जीएपी पोर्टल के माध्यम से सभी विभागों की प्रगति की निगरानी करेगा।

पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा, "दिल्ली को हरा-भरा बनाने की जिम्मेदारी हम सबकी है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में हमारी सरकार पिछले साल से भी ज्यादा पेड़ लगाकर राजधानी का ग्रीन कवर बढ़ाने और मजबूत करने का प्रयास कर रही है। हम सिर्फ प्रदूषण नियंत्रण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दिल्ली की हरियाली को तेजी से बढ़ाना चाहते हैं।"

मंत्री ने बताया कि यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से प्रेरित है। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष छात्रों, महिला समूहों, आम नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य व्यक्तियों ने बड़े स्तर पर पौधारोपण में उत्साहपूर्वक भाग लिया था। संशोधित लक्ष्य के अनुसार विभिन्न विभागों को लक्ष्य दिए गए थे।

इन विभागों में फॉरेस्ट विभाग को 27 लाख से अधिक पेड़ लगाने का लक्ष्य दिया गया है, जबकि डीडीए को 10 लाख, एमसीडी को 5 लाख, एनडीएमसी को 5.05 लाख, पीडब्ल्यूडी को 3 लाख, स्कूल शिक्षा विभाग को 3.5 लाख, उच्च शिक्षा विभाग को 25,000 से अधिक, तकनीकी शिक्षा विभाग को 41,000, एनटीपीसी को 70,000 और एनएचएआई को 60,000 पेड़ लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

इसके अलावा 12 लाख से अधिक पौधे फॉरेस्ट विभाग, डीपीजीएस और डीएमआरसी के माध्यम से आम लोगों को मुफ्त वितरित किए जाएंगे। कुल मिलाकर लगभग 70,05,386 पौधों का लक्ष्य रखा गया है।

सरकार ने मल्टी-लेयर प्लांटेशन रणनीति अपनाई है, जिसमें बड़े पेड़, झाड़ियां और ग्राउंड कवर शामिल होंगे। इससे प्रदूषण कम करने के साथ-साथ पर्यावरण संतुलन भी बेहतर होगा। सभी विभागों को अपनी प्रगति गैप पोर्टल पर नियमित रूप से अपडेट करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि पारदर्शिता बनी रहे।

मनजिंदर सिंह सिरसा ने जोर देते हुए कहा, "हम सिर्फ पौधे लगाने पर नहीं, बल्कि उनकी देखभाल और जीवित रखने पर भी सख्ती से ध्यान दे रहे हैं। हर पौधा बड़ा होकर दिल्ली की हरियाली बढ़ाए, यही हमारा लक्ष्य है।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   1 April 2026 10:25 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story