दिल्ली सरकार ने अभय वर्मा को बनाया मुख्य प्रवक्ता, अनिल शर्मा और हरीश खुराना को भी मिली जिम्मेदारी
नई दिल्ली, 10 जुलाई (आईएएनएस)। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विधायक अभय कुमार वर्मा को दिल्ली सरकार का मुख्य प्रवक्ता तथा विधायक अनिल कुमार शर्मा और हरीश खुराना को सरकार का प्रवक्ता नियुक्त किया है। ये नियुक्तियां तुरंत प्रभाव से लागू हो गई है।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि सरकार ने पारदर्शी, जवाबदेह और जनकेंद्रित शासन के संकल्प को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इस व्यवस्था के माध्यम से सरकार के नीतिगत निर्णयों, विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की आधिकारिक एवं तथ्यपरक जानकारी समयबद्ध तरीके से नागरिकों और मीडिया तक पहुंचाई जा सकेगी।
मुख्य प्रवक्ता और प्रवक्ता के रूप में नियुक्त जनप्रतिनिधि विभिन्न समसामयिक विषयों पर दिल्ली सरकार का अधिकृत पक्ष प्रस्तुत करेंगे। वे सरकार के महत्वपूर्ण निर्णयों, नीतिगत पहलों तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर आधिकारिक जानकारी साझा करेंगे, मीडिया के साथ प्रभावी संवाद स्थापित करेंगे तथा आवश्यकता पड़ने पर सरकार की ओर से तथ्यों और निर्णयों का स्पष्टीकरण भी देंगे। इसके साथ ही वे विभिन्न विभागों से प्राप्त अधिकृत सूचनाओं के आधार पर सरकार का दृष्टिकोण जनता तक पहुंचाने का दायित्व निभाएंगे।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रभावी जनसंवाद सुशासन का महत्वपूर्ण आधार है। मुख्य प्रवक्ता और प्रवक्ताओं की नियुक्ति से सरकार एवं नागरिकों के बीच संवाद और अधिक सशक्त होगा तथा शासन से संबंधित प्रामाणिक, पारदर्शी और समयबद्ध जानकारी जनसामान्य तक सुव्यवस्थित रूप से पहुंच सकेगी। इससे सरकार की जनहितकारी पहलों के संबंध में स्पष्ट एवं अधिकृत सूचना उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी और मजबूत होगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 July 2026 12:23 AM IST












