दिल्ली शराब घोटाला मामले में बरी होने पर भावुक हुए केजरीवाल, सिसोदिया ने लगाया गले
नई दिल्ली, 27 फरवरी (आईएएनएस)। आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल दिल्ली शराब घोटाले में बरी हो गए हैं। आप नेता मनीष सिसोदिया को भी इस मामले में बरी कर दिया गया है। इस दौरान अरविंद केजरीवाल भावुक हो गए। उनके भावुक होने पर मनीष सिसोदिया ने गले लगा लिया।
कोर्ट से बरी होने पर उन्होंने कहा कि केजरीवाल भ्रष्ट नहीं है। मैंने केवल अपनी जिंदगी में ईमानदारी कमाई है। उन्होंने झूठा केस लगाया और आज ये साबित हो गया। कोर्ट ने कहा कि केजरीवाल कट्टर ईमानदार है। मनीष सिसोदिया कट्टर ईमानदार है। आम आदमी पार्टी कट्टर ईमानदार है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ सालों से भारतीय जनता पार्टी शराब घोटाला-शराब घोटाला कर रही थी और हमारे ऊपर आरोप लगा रही थी। आज कोर्ट ने सारे आरोप खारिज कर दिए। जितने भी आरोपी थे सबको बरी कर दिया।
केजरीवाल ने कहा कि हम हमेशा कहते थे कि सत्य की जीत होती है। हमें भारतीय न्याय प्रणाली पर भरोसा है। मैं जज साहब का बहुत-बहुत शुक्रिया अदा करता हूं। जिन्होंने हमारे साथ न्याय किया। सत्य की जीत हुई। मैं हमेशा कहता था कि भगवान हमारे साथ हैं। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने और अमित शाह ने मिलकर आजाद भारत का सबसे बड़ा राजनीतिक षड्यंत्र रचा। आम आदमी पार्टी को खत्म करने के लिए पार्टी के सबसे बड़े पांच नेताओं को जेल में डाल दिया गया।
उन्होंने कहा कि मौजूदा मुख्यमंत्री को उनके घर से घसीटकर जेल में डाला गया। पूरा फर्जी केज था, हमारे ऊपर कीचड़ फेंका गया। उन्होंने कहा कि आपको सत्ता चाहिए, अच्छे काम कीजिए। देश के सामने इतनी बड़ी-बड़ी समस्याएं हैं। महंगाई है, बेरोजगारी है, पूरे देश में सड़कें टूटी पड़ी हैं। चारों तरफ प्रदूषण ही प्रदूषण हो रहा है। उन समस्याओं का समाधान करके सत्ता में आइए। केजरीवाल पर, आम आदमी पार्टी पर झूठे केस क्यों करते हैं?
अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने भी उनके बरी होने पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि इस संसार में कोई कितना भी शक्तिशाली हो जाये, शिव शक्ति से ऊपर नहीं हो सकता। सच की हमेशा जीत होती है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   27 Feb 2026 11:56 AM IST












