'देश में तथाकथित युवराज नहीं, नरेंद्र मोदी ही करेंगे राज', नितिन नवीन का राहुल गांधी पर हमला

गोरखपुर, 4 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि देश के लोकतंत्र में इतनी ताकत है कि राहुल गांधी जैसे कितने ही तथाकथित युवराज आएंगे और चले जाएंगे, लेकिन इस देश की मिट्टी पर राज देश का पुत्र नरेंद्र मोदी ही करेगा।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश की 140 करोड़ जनता का भरोसा और विश्वास हासिल है। उन्होंने अपने कार्यों और पुरुषार्थ से यह विश्वास अर्जित किया है। नितिन नवीन बुधवार को गोरखपुर में भाजपा की ओर से आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ पदयात्रा’ को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत तमाम नेता भी मंच पर मौजूद रहे।
नितिन नवीन ने कहा कि इसी उत्तर प्रदेश में इलाहाबाद हाईकोर्ट ने तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के चुनाव को अवैध घोषित किया था। अदालत ने चुनाव में निर्वाचन आयोग और सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग की बात कही थी, लेकिन कांग्रेस ने संविधान संशोधन के जरिए अदालत के उस फैसले को बदलने का काम किया।
भाजपा अध्यक्ष ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने देश की जनता को भरमाने का बहुत प्रयास किया, लेकिन यह नया भारत है और नई सोच का भारत है। यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़ रहा है। देश के 140 करोड़ लोग नरेंद्र मोदी को अपना प्रधान सेवक और चौकीदार मानते हैं। जनता को विश्वास है कि उनके घर, परिवार और देश की रक्षा केवल नरेंद्र मोदी ही कर सकते हैं।
उन्होंने पदयात्रा को लोकतंत्र की रक्षा के लिए जनता की भागीदारी का प्रतीक बताते हुए कहा कि देशभर में भाजपा की ये यात्राएं हो रही हैं और जनता भी लोकतंत्र को बचाने के लिए सड़कों पर उतर रही है। इससे विपक्षी दलों के नेताओं के हाथ-पैर फूल रहे हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मुख्यमंत्री ने हजारों समर्थकों के साथ करीब डेढ़ किलोमीटर तक पदयात्रा कर पार्टी की ताकत का प्रदर्शन किया। पदयात्रा मार्ग पर बनाए गए 18 स्वागत स्थलों पर कार्यकर्ताओं ने नेताओं का जोरदार स्वागत किया।
इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बुधवार सुबह करीब 11 बजे गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचे। यहां पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इसके बाद वह कार्यक्रम स्थल पहुंचे, जहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में पदयात्रा निकाली गई।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
