धनबाद में भू-धंसान से कई घर जमींदोज, मलबे में दबे कई लोग; गुस्साए लोग सड़क पर उतरे
धनबाद, 31 मार्च (आईएएनएस)। झारखंड के धनबाद जिले के कतरास क्षेत्र में मंगलवार शाम भू-धंसान की घटना से हड़कंप मच गया। सोनारडीह ओपी क्षेत्र के टंडाबारी इलाके में शाम करीब पांच बजे अचानक जमीन धंस गई, जिससे तीन घर पूरी तरह जमींदोज हो गए, जबकि तीन से चार लोग जमीन के भीतर समा गए।
घटना के चार घंटे बाद भी जमीन के भीतर दबे लोगों का रेस्क्यू नहीं किया जा सका है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोग अपनी जान बचाने के लिए घर छोड़कर भागने लगे। आक्रोशित ग्रामीणों ने सैकड़ों की संख्या में सोनारडीह ओपी का घेराव किया और एनएच-32 कतरास-महुदा मुख्य मार्ग को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
घटना से प्रभावित रिंकी कुमारी ने बताया कि अचानक हुए भू-धंसान में उनका घर समा गया। उनके कहना है कि उनकी बहन गीता कुमारी, चाची सरिता देवी और पिता मोनू उरांव मलबे में दब गए हैं। इसके अलावा एक-दो अन्य लोग भी मलबे में दबे हो सकते हैं। परिजनों ने आरोप लगाया कि अवैध खनन के कारण यह हादसा हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि कतरास और आसपास के इलाकों में इस तरह की घटनाएं लगातार हो रही हैं। सोनारडीह के अलावा रामकनाली, तेतुलमारी, जोगता, तेतुलिया और बाघमारा क्षेत्र में भी भू-धंसान की घटनाएं आम हो गई हैं।
उन्होंने इसके लिए अवैध खनन को जिम्मेदार ठहराते हुए प्रशासन से तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने की मांग की। विधायक ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में धनबाद उपायुक्त, बीसीसीएल प्रबंधन और अन्य अधिकारियों से बात कर रेस्क्यू टीम भेजने का आग्रह किया है।
धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो ने भी टेलीफोन पर घटना की जानकारी लेकर चिंता जताई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। दर्जनों परिवार अपने जरूरी सामान और मवेशियों के साथ सुरक्षित स्थानों की ओर पलायन कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में रहना अब खतरनाक हो गया है। समाचार लिखे जाने तक राहत और बचाव कार्य शुरू नहीं हो सका था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   31 March 2026 11:39 PM IST












