महाराष्ट्र धुले में अवैध सट्टा अड्डे पर सरेआम फायरिंग, सीसीटीवी फुटेज जब्त
धुले, 28 सितंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के धुले शहर में रविवार शाम को अवैध सट्टे के कारोबार को लेकर दो गुटों के बीच सरेआम फायरिंग हो गई। शहर के सबसे व्यस्त माने जाने वाले मनोहर टॉकीज इलाके में हुई इस वारदात से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। गनीमत रही कि इस गोलीबारी में किसी को गोली नहीं लगी और कोई जनहानि नहीं हुई। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस अब आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, यह घटना आगरा रोड से सटे अमर नगर इलाके में स्थित मनोहर टॉकीज परिसर की है। यहां दो लोगों की अगल-बगल सट्टा चलाने की दुकानें हैं। अवैध धंधे की इसी होड़ को लेकर करीब 15 दिन पहले दोनों गुटों में विवाद हुआ था। रविवार शाम यह विवाद फिर बढ़ गया।
बताया जा रहा है कि एक गुट के कुछ लोग गाली-गलौज करते हुए दूसरे गुट की दुकान पर पहुंच गए और हाथापाई शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि एक शख्स ने पिस्टल निकालकर सट्टा अड्डे पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मौके पर करीब 4 राउंड गोलियां चलाई गईं। सट्टा अड्डे के अंदर मौजूद व्यक्ति ने सूझबूझ दिखाते हुए पीछे के रास्ते से भागकर अपनी जान बचाई।
बीच बस्ती में गोलियां चलने की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। अपर पुलिस अधीक्षक अजय देवरे, उपाधीक्षक राजकुमार उपासे के साथ लोकल क्राइम ब्रांच और शहर पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल को घेर लिया और जांच शुरू की।
हालांकि वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने फिलहाल मीडिया के सामने कोई आधिकारिक बयान देने से इनकार कर दिया है। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को जब्त कर लिया है। फुटेज में फायरिंग करने वाले युवक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   28 Sept 2026 11:00 AM IST












