आईयूएमएल के गठबंधन से अलग होने पर बोले डीएमके प्रवक्ता, कहा- हमारे रिश्ते हमेशा अच्छे रहे हैं
चेन्नई, 20 जून (आईएएनएस)। द्रविड मुनेत्र कझगम (डीएमके) के प्रवक्ता टी.के.एस. इलांगोवन ने इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के गठबंधन से अलग होने पर प्रतिक्रिया दी। शनिवार को उन्होंने कहा कि निश्चित तौर पर इस बात को खारिज नहीं किया जा सकता है कि डीएमके के संबंध आईयूएमएल के साथ शुरू से ही काफी अच्छे रहे हैं। अब उन्होंने अगर हमसे अलग होने का फैसला किया है, तो हम इसमें क्या ही कर सकते हैं।
समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में टी.के.एस. इलांगोवन ने कहा कि अगर रिश्तों की बात करें तो इस पार्टी से हमारे रिश्ते हमेशा से अच्छे रहे हैं। अब यह देखना होगा कि आगामी दिनों में राजनीतिक स्थिति कैसी रहती है।
उन्होंने नीट की तैयारी कर रहे 19 वर्षीय छात्र की आत्महत्या के मामले में भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उनके मुताबिक, यह नीट की तैयारी कर रहे किसी छात्र द्वारा आत्महत्या करने का कोई पहला मामला नहीं है, बल्कि इससे पहले भी इस तरह के मामले प्रकाश में आ चुके हैं। इसी को देखते हुए हम लगातार यही कह रहे हैं कि नीट की परीक्षा को अब वापस लिया जाना चाहिए।
उन्होंने दावा किया कि एक गरीब घर का छात्र, जो शुरू से ही पढ़ने में होनहार होता है। शुरू से ही परीक्षा में उसके अच्छे अंक आते हैं, लेकिन उसका सेलेक्शन नीट में नहीं होता है और जो किसी महंगी कोचिंग में जाकर क्लास लेता है। उसका दाखिल हो जाता है, तो कुल मिलाकर इस पूरी स्थिति में दोहरा मापदंड अपनाया जा रहा है। ऐसी स्थिति हो चुकी है कि पैसा अब नीट का एग्जाम क्लियर करने का माध्यम बन चुका है। उधर, अब उत्तर भारत में नीट का पेपर लीक हो रहा है। इसी वजह से ज्यादा से ज्यादा उत्तर भारत के विद्यार्थियों को मेडिकल कॉलेज में दाखिला मिल रहा है, जिसे मैं पूरी तरह से गलत मानता हूं। हमारी शुरू से ही यह मांग है कि नीट की परीक्षा को वापस लिया जाए।
वहीं, राज्य में शराब के ज्यादा से ज्यादा ब्रांड लाए जाने पर भी डीएमके प्रवक्ता ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार चाहती है कि ज्यादा से ज्यादा लोग ड्रिंक करें। उन्होंने तमिलनाडु की भी कानून व्यवस्था पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि पिछले एक महीने में अपराध से जुड़ी कई घटनाएं प्रकाश में आई हैं, जिसमें टीवीके के लोग शामिल पाए गए हैं। ये वो लोग हैं, जो महिलाओं के साथ अपमान कर रहे हैं, इसलिए ये लोग विधानसभा के सत्र को बाधित करने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि किसी भी मुद्दे पर खुलकर चर्चा नहीं हो सके।
साथ ही राज्य में एआईएडीएमके के ज्यादा से ज्यादा नेता टीवीके सहित अन्य दलों में शामिल हो रहे हैं, जिस पर डीएमके प्रवक्ता टी.के.एस. इलांगोवन ने कहा कि ऐसी स्थिति में एआईएडीएमके को प्रभावित कर सकती है, लेकिन डीएमके को इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा।एआईएडीएमके में इस तरह की स्थिति इसलिए पैदा हो रही है, क्योंकि वहां का शीर्ष नेतृत्व में कमजोर है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   20 Jun 2026 8:27 PM IST












