दो सगे भाइयों ने अपनी पत्नियों की हत्या कर जंगल में दफना दिया, पुलिस ने कब्र से निकाले शव

रांची, 25 नवंबर (आईएएनएस)। झारखंड के गुमला में दो महिलाओं की हत्या कर उनके शव सिमडेगा जिले के बीरू जंगल में दफनाने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। इस दोहरे हत्याकांड में दोनों महिलाओं के पति आरोपी हैं और सगे भाई हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार शाम को गुमला और सिमडेगा पुलिस की संयुक्त टीम ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जंगल से दोनों शव बरामद किए।
मृतकों की पहचान गुमला के विंध्याचल नगर नदी टोली निवासी मिनी प्रिया (28) और राधिका कुमारी (20) के रूप में हुई है। मिनी प्रिया के पति शिव शंकर साहू और राधिका के पति नवीन साहू हैं। दोनों आरोपी न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिए गए हैं।
सिमडेगा के एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, दोनों दंपतियों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। शनिवार को कुछ लोगों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया था। इसके बाद दोनों भाई अपनी-अपनी पत्नियों को लेकर घर लौट गए थे।
सोमवार सुबह करीब नौ बजे परिजनों की दोनों महिलाओं से फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद उनका संपर्क नहीं हो सका। मंगलवार को दोनों भाई अपने बच्चों के साथ गुमला थाना पहुंचे और पत्नियों के लापता होने की सूचना दी। पुलिस को उनकी गतिविधियों पर संदेह हुआ। इसके बाद दोनों से पूछताछ की गई।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान शिवशंकर ने दोनों महिलाओं की हत्या और एंबुलेंस से जंगल ले जाकर शवों को दफनाने की बात बताई। पुलिस ने शिव शंकर की एंबुलेंस भी जब्त कर ली है। बुधवार को दोनों आरोपियों की निशानदेही पर सिमडेगा के बीरू जंगल में दफन शवों को बाहर निकाला गया।
यह कार्रवाई मजिस्ट्रेट दीपक कुमार की मौजूदगी में हुई। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिमडेगा सदर अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
