दूरदर्शन पर प्रधानमंत्री के संबोधन के खिलाफ कांग्रेस नेता ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका की दाखिल
नई दिल्ली, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। 18 अप्रैल को रात 8:30 बजे हुए दूरदर्शन और संसद टीवी पर प्रधानमंत्री के संबोधन को लेकर कांग्रेस नेता टीएन प्रथापन ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है।
याचिकाकर्ता ने इसे आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन बताते हुए सुप्रीम कोर्ट से मांग की है कि वह चुनाव आयोग को इस मामले में निष्पक्ष जांच करने और कानून सम्मत कार्रवाई करने का निर्देश दे।
याचिका में सूचना और प्रसारण मंत्रालय को पीएम के इस संबोधन को अपने सभी प्लेटफॉर्म्स से हटाने का निर्देश दिए जाने की भी मांग की गई है।
प्रथापन ने अपनी याचिका में आरोप लगाया है कि चुनाव के सक्रिय माहौल के बीच विपक्षी दलों की आलोचना करने के लिए सरकारी निधि से चलने वाले टेलीविजन चैनलों का दुरुपयोग किया गया है। अपने संबोधन में पीएम ने विपक्षी दलों का नाम लेकर उनकी जो आलोचना की, वह राजनीतिक बयानबाजी के दायरे में आता है।
चुनावों के दौरान राजनीतिक बयान को पहुंचाने के लिए, सरकारी पैसे से चलने वाले मंचों का इस्तेमाल करना, सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग है, और यह 'जन प्रतिनिधित्व अधिनियम' की धारा 123(7) के तहत एक 'भ्रष्ट आचरण' माना जाता है।
याचिकाकर्ता ने कहा है कि यह प्रसारण उस वक्त किया गया था, जब केरल विधानसभा चुनाव के लिए 'आदर्श आचार संहिता' लागू थी, और इसलिए, इसे चुनावी लाभ के लिए सार्वजनिक संसाधनों के उपयोग पर रोक लगाने वाले प्रावधानों का उल्लंघन माना जाए।
याचिका में आरोप लगाया गया है कि इस संबंध में चुनाव आयोग को शिकायत भी दी गई थी, लेकिन आयोग ने कोई कार्रवाई नहीं की।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   22 April 2026 11:18 PM IST












