डीआरआई मुंबई की बड़ी कार्रवाई, 38 करोड़ रुपए का सोना जब्त

डीआरआई मुंबई की बड़ी कार्रवाई, 38 करोड़ रुपए का सोना जब्त
संगठित सोना तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने 'ऑपरेशन धहाबू ब्लिट्ज' के तहत एक बड़े तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में कुल 29.37 किलोग्राम सोना जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 37.74 करोड़ रुपए बताई जा रही है। इस कार्रवाई के दौरान 24 महिलाओं को भी गिरफ्तार किया गया है।

मुंबई, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। संगठित सोना तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआई) ने 'ऑपरेशन धहाबू ब्लिट्ज' के तहत एक बड़े तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में कुल 29.37 किलोग्राम सोना जब्त किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत 37.74 करोड़ रुपए बताई जा रही है। इस कार्रवाई के दौरान 24 महिलाओं को भी गिरफ्तार किया गया है।

डीआरआई के अधिकारियों को मिली सटीक खुफिया जानकारी के आधार पर बुधवार को मुंबई स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर यह कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार, नैरोबी से आने वाली कुछ महिला यात्रियों के एक समूह पर संदेह जताया गया था, जो भारी मात्रा में सोना तस्करी कर भारत लाने की कोशिश कर रही थीं।

'ऑपरेशन धहाबू ब्लिट्ज' के तहत डीआरआई की टीम ने त्वरित और समन्वित कार्रवाई करते हुए 24 विदेशी महिला यात्रियों को रोका और जांच की। तलाशी के दौरान उनके पास से 25.10 किलोग्राम सोने की सिल्लियां (गोल्ड बार) और 4.27 किलोग्राम सोने के आभूषण बरामद किए गए।

प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि यह एक अत्यंत संगठित तस्करी गिरोह है, जो प्रशिक्षित कैरियरों और सुनियोजित तरीकों का इस्तेमाल कर सुरक्षा एजेंसियों से बचने की कोशिश करता था। गिरोह द्वारा महिलाओं को कैरियर के रूप में इस्तेमाल कर सोने की तस्करी को अंजाम दिया जा रहा था।

डीआरआई अधिकारियों ने बताया कि इस पूरे नेटवर्क के तार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जुड़े हो सकते हैं और आगे की जांच में इसके अन्य सदस्यों और सरगनाओं तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

डीआरआई ने यह स्पष्ट किया है कि देश की आर्थिक और राजकोषीय व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने वाले ऐसे तस्करी नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। एजेंसी ने दोहराया कि राष्ट्रीय हितों को प्रभावित करने वाले किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   9 April 2026 11:14 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story