दुबई से आए भारतीय यात्रियों ने बताई हालात की कहानी, बोले- सरकार का मिला पूरा सहयोग

दुबई से आए भारतीय यात्रियों ने बताई हालात की कहानी, बोले- सरकार का मिला पूरा सहयोग
मिडिल ईस्ट में बढ़ते संघर्ष के बीच दुबई से भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालकर वापस लाया गया है। पुणे एयरपोर्ट पर उतरने के बाद भारतीय नागरिकों ने खुशी जताई और सरकार की प्रशंसा की।

पुणे, 8 मार्च (आईएएनएस)। मिडिल ईस्ट में बढ़ते संघर्ष के बीच दुबई से भारतीय नागरिकों को सुरक्षित निकालकर वापस लाया गया है। पुणे एयरपोर्ट पर उतरने के बाद भारतीय नागरिकों ने खुशी जताई और सरकार की प्रशंसा की।

दुबई से पुणे एयरपोर्ट पहुंची महिला यात्री निधि ने कहा, "शुरू में, जब पिछले शनिवार को लड़ाई शुरू हुई तो डर लग रहा था। लेकिन उसके बाद कॉलेज, भारतीय दूतावास और भारत सरकार ने बहुत मदद की। सब कुछ बहुत अच्छा था।"

उन्होंने कहा कि वापस लौटकर बहुत अच्छा लग रहा है। हम जल्द लड़ाई रुकने की उम्मीद करते हैं, जिससे वापस कॉलेज लौट सकें और पढ़ाई का नुकसान न हो। निधि ने आगे कहा, "सरकार बहुत ही ईमानदारी के साथ अच्छा काम कर रही है। इस सरकार के कारण ही विदेश में भारतीयों को सबसे अच्छा सपोर्ट मिलता है। इसलिए हम अपनी भारत सरकार पर भी गर्व करते हैं।"

एक अन्य महिला यात्री प्रियंका ने बताया कि हम ऑफिस वर्क के लिए 15 दिन की यात्रा पर गए थे। हमें बिल्कुल भी यह महसूस नहीं हुआ कि हम एक युद्धग्रस्त देश में जाकर फंसे हुए हैं या सुरक्षित नहीं हैं। हम सभी के लिए वहां की सरकार ने अच्छी सुरक्षा दे रखी थी।

उन्होंने यह भी बताया कि कुछ दूर से धमाकों की आवाजें आती थीं, लेकिन वहां बिल्कुल भी खतरनाक या पैनिक की स्थिति नहीं बनी।

अर्जुन बंधू ने बताया कि जब हम लोग एयरपोर्ट पर पहुंचे थे, तभी मिसाइल अटैक का अलर्ट आया था। सभी लोगों को नीचे बंकर में ले जाया गया था। कुछ समय के बाद जब स्थिति सामान्य हो गई, तब लोगों को बाहर लाया गया। हमें बाद में पता चला कि उन मिसाइलों को मार गिराया गया है।

दुबई से पुणे एयरपोर्ट पहुंचे यात्री आनंद विनेर्कर ने कहा, "मैंने फ्लाइट बुक की थी, लेकिन उसमें देरी हो रही थी। स्पाइसजेट की वजह से मैं यहां टाइम पर पहुंच गया। उन्होंने फ्लाइट्स कैंसिल नहीं कीं। मैं एक हफ्ते तक फंसा रहा। वापस आकर मुझे बहुत अच्छा लग रहा है।"

दुबई से पुणे एयरपोर्ट पहुंचे गुल्फाम ने कहा, "मैं वहां छह साल से काम कर रहा हूं। हमें कुछ शोर सुनाई दे रहा था, लेकिन वहां सब ठीक है। यूएई सभी का बहुत अच्छे से ख्याल रख रहा है।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   8 March 2026 8:53 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story