दूसरे टी20 में इंग्लैंड ने रचा इतिहास, मैनचेस्टर में तोड़ा 14 साल पुराना रिकॉर्ड
मैनचेस्टर, 5 जुलाई (आईएएनएस)। इंग्लैंड ने भारत को दूसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में 4 विकेट से हराया। भारत से मिले 191 रनों के लक्ष्य को इंग्लिश टीम ने 19 ओवर में 6 विकेट खोकर हासिल किया।
इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल में सबसे बड़े लक्ष्य को सफलतापूर्वक चेज करते हुए इतिहास रचा। ओल्ड ट्रैफर्ड के मैदान पर इंग्लैंड ने 14 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा। इससे पहले, साल 2012 में इंग्लैंड ने भारत के खिलाफ 178 रनों के टारगेट को सफलतापूर्वक हासिल किया था। इंग्लिश टीम ने ओल्ड ट्रैफर्ड में अपने दमदार रिकॉर्ड को भी बरकरार रखा। टीम ने इस ग्राउंड पर लगातार चौथी जीत दर्ज की।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। फिल साल्ट को अर्शदीप सिंह ने बिना खाता खोले पवेलियन भेजा। वहीं, जोस बटलर को भी अर्शदीप ने जीरो पर आउट किया। एक रन के स्कोर पर 2 विकेट खोकर मुश्किल में नजर आ रही इंग्लिश टीम की पारी को कप्तान हैरी ब्रूक और जैकब बेथेल ने संभाला। दोनों ने मिलकर तीसरे विकेट के लिए 23 गेंदों में 50 रनों की महत्वपूर्ण साझेदारी निभाई।
ब्रूक ने सिर्फ 15 गेंदों का सामना करते हुए 4 चौके और 3 छक्कों की मदद से 39 रनों की दमदार पारी खेली। वहीं, बेथेल ने महज 46 गेंदों का सामना करते हुए नाबाद 76 रन बनाए। उन्होंने अपनी इस पारी में 165 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 5 चौके और 5 छक्के लगाए। वहीं, टॉम बैंटन ने अंत के ओवरों में 32 गेंदों में 39 रनों की अहम पारी खेली। विल जैक्स (9 रन) और सैम करन (7 रन) बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके। जोफ्रा आर्चर 10 रन बनाकर नाबाद रहे।
इससे पहले, भारतीय टीम ने अभिषेक शर्मा (43 रन), ईशान किशन (49 रन) और कप्तान श्रेयस अय्यर (37 रन) की आतिशी पारियों के बूते 20 ओवर में 7 विकेट गंवाकर स्कोरबोर्ड पर 190 रन लगाए। तिलक वर्मा ने 11 गेंदों में 24 रनों की नाबाद पारी खेली, जबकि 15 साल की उम्र में डेब्यू करने वाले वैभव सूर्यवंशी ने 14 रनों का योगदान दिया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   5 July 2026 7:59 AM IST












