महाराष्ट्र यवतमाल में 9 ठिकानों पर ईडी की छापेमारी, 242 करोड़ के बैंक घोटाले का खुलासा

महाराष्ट्र  यवतमाल में 9 ठिकानों पर ईडी की छापेमारी, 242 करोड़ के बैंक घोटाले का खुलासा
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने महाराष्ट्र के यवतमाल जिले में कार्रवाई की है। ईडी की मुंबई जोन की टीम ने मनी लॉन्ड्रिंग (पीएमएलए) के मामले में जिले के 9 अलग-अलग ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया है।

मुंबई, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने महाराष्ट्र के यवतमाल जिले में कार्रवाई की है। ईडी की मुंबई जोन की टीम ने मनी लॉन्ड्रिंग (पीएमएलए) के मामले में जिले के 9 अलग-अलग ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया है।

यह मामला बाबाजी दाते महिला सहकारी बैंक से जुड़ा है। इस बैंक के अधिकारियों, कर्मचारियों और कर्ज लेने वालों के खिलाफ यवतमाल के अवधूतवाड़ी पुलिस स्टेशन में कई एफआईआर दर्ज की गई हैं। इसी के आधार पर ईडी ने यह कार्रवाई की है।

बाबाजी दाते महिला सहकारी बैंक लिमिटेड, यवतमाल महाराष्ट्र सहकारी सोसायटी अधिनियम, 1960 की धारा 9(1) के तहत रजिस्टर्ड बैंक था। बैंक में धोखाधड़ी और जमा पैसों के दुरुपयोग की कई शिकायतें मिलने के बाद राज्य सरकार ने इसका विशेष ऑडिट कराया था। ऑडिट में बड़े घोटाले का खुलासा हुआ। इसके बाद आरबीआई ने साल 2022 में इस बैंक का लाइसेंस रद्द कर दिया था।

ऑडिट में पाया गया कि बैंक के सीईओ, चेयरपर्सन/चेयरमैन, डायरेक्टर्स और बैंक अधिकारियों ने कर्ज लेने वालों, वैल्यूअर और ऑडिटर्स के साथ मिलकर साजिश रची। उन्होंने बिना सही गारंटी और बिना कर्ज चुकाने की क्षमता जांचे ही लोन बांट दिए। इसके बाद लोन के पैसे को बैंक के नियमों और आरबीआई की गाइडलाइंस के खिलाफ डायवर्ट कर दिया गया।

जांच में सामने आया कि चेयरपर्सन और बैंक अधिकारियों ने कर्ज लेने वालों के साथ मिलकर 242 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी की है। ईडी की जांच में बैंक अधिकारियों और कर्जदारों के बीच बड़े गठजोड़ का पता चला है।

ईडी को जांच में पता चला कि कर्जदारों ने लोन के पैसे को निजी कामों के लिए इस्तेमाल किया, कैश में निकाला और पुराने लोन को नए लोन से चुकाने (एवरग्रीनिंग) में लगाया। इतना ही नहीं, इस पैसे का एक हिस्सा बैंक अधिकारियों के खातों में किकबैक के तौर पर भी ट्रांसफर किया गया। ईडी ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   1 Oct 2026 2:08 PM IST

Tags

Next Story