एक ऐसी औषधीय झाड़ी, जिसके फल से लेकर जड़ तक में छिपा है सेहत का राज

एक ऐसी औषधीय झाड़ी, जिसके फल से लेकर जड़ तक में छिपा है सेहत का राज
प्रकृति ने हमें ऐसे कई पेड़-पौधे दिए हैं, जो स्वास्थ्य के लिए रामबाण साबित होते हैं। इन्हीं में से एक है नीलबड़ी, जो दिखने में जामुन की तरह होती है, लेकिन इसमें मौजूद औषधीय गुण शरीर को कई तरह के लाभ पहुंचा सकते हैं।

नई दिल्ली, 16 मार्च (आईएएनएस)। प्रकृति ने हमें ऐसे कई पेड़-पौधे दिए हैं, जो स्वास्थ्य के लिए रामबाण साबित होते हैं। इन्हीं में से एक है नीलबड़ी, जो दिखने में जामुन की तरह होती है, लेकिन इसमें मौजूद औषधीय गुण शरीर को कई तरह के लाभ पहुंचा सकते हैं।

यह एक औषधीय झाड़ीनुमा पौधा है, जिसके फल, जड़ और पत्तियों का उपयोग कई तरह की बीमारियों के इलाज के लिए किया जाता है। इसकी शाखाएं पीली और भूरी होती हैं। वहीं, इसकी पत्तियां हरी, अंडाकार या आयताकार होती हैं, जिनकी लंबाई 3-5 सेमी और चौड़ाई 2-3 सेमी होती है। फूलों के बाद इसमें छोटे-छोटे गोल फल लगते हैं, जो 4-6 मिमी के होते हैं। ये फल पहले हरे होते हैं और पकने पर नीले-काले हो जाते हैं, जिनमें बैंगनी गूदा और 8-15 छोटे त्रिकोणीय बीज होते हैं। इसके ताजे या सूखे भागों को अर्क बनाकर इस्तेमाल किया जाता है।

यह विशेष रूप से दक्षिण एशिया में पाया जाता है, जो सूजन-रोधी और एंटीऑक्सीडेंट गुणों से भरपूर होता है। इसका वैज्ञानिक नाम 'फिलैंथस रेटिकुलैटस' है और वैज्ञानिक अध्ययनों ने भी इसके एंटीवायरल, एंटीमाइक्रोबियल और सूजन-रोधी गुणों की पुष्टि की है।

आयुर्वेद में नीलबड़ी को कफ और वात दोष को शांत करने वाली एक शक्तिशाली जड़ी-बूटी माना गया है। उनके अनुसार, यह मुख्य रूप से लिवर के स्वास्थ्य, बालों की देखभाल, चर्म रोगों और दर्द निवारक के रूप में कारगर है। इसके काढ़े से लिवर विषैले पदार्थों से मुक्त होता है और पत्तियां सफेद बालों को काला करने में मदद करती हैं।

सुश्रुत संहिता के अनुसार, नीलबड़ी को अधोभागहर-गण (विरेचक) में शामिल किया गया है, जो मुख्य रूप से कफ-पित्त विकारों के इलाज में उपयोग किया जाता है। यह पाइल्स, पेट से संबंधित समस्याएं, बीमारियों और वात के उपचार में फायदेमंद है।

वहीं, इसके पत्ते बालों के लिए भी लाभकारी हैं। कहा जाता है कि ताजे पत्तों का रस या पेस्ट नारियल तेल के साथ लगाने से बाल काले, मजबूत और घने होते हैं, तथा सफेद बालों की समस्या कम होती है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   16 March 2026 6:31 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story