एर्लिंग हालैंड दुनिया के सबसे अच्छे स्ट्राइकर्स में से एक, हम आगामी मैच में कुछ बदलाव करेंगे कोच सोलबकेन

न्यू जर्सी, 23 जून (आईएएनएस)। नॉर्वे ने मंगलवार को सेनेगल के खिलाफ 3-2 से जीत दर्ज की। नॉर्वे के लिए 3 में से 2 गोल स्ट्राइकर एर्लिंग हालैंड ने दागे। नॉर्वे के हेड कोच स्टेल सोलबकेन ने हालैंड की तारीफ करते हुए बताया है कि वह फ्रांस के खिलाफ अपनी टीम के आखिरी वर्ल्ड कप ग्रुप मैच के लिए कुछ बदलाव करेंगे।
हालैंड ने नॉर्वे के शुरुआती दो मुकाबलों में चार गोल किए हैं। नॉर्वे ने 17 जून को इराक के खिलाफ 4-1 से जीत दर्ज की थी, जिसमें हालैंड के 2 गोल (29' और 43') शामिल थे।
'सिन्हुआ' की रिपोर्ट के अनुसार, मैच के बाद सोलबकेन ने कहा, "आज (सेनेगल के खिलाफ) उन्होंने एक आसान गोल करने का मौका गंवा दिया, वर्ना वह और भी गोल कर सकते थे। वह दुनिया के सबसे अच्छे स्ट्राइकर्स में से एक हैं। वह फ्रांस या अर्जेंटीना के लिए नहीं खेल रहे हैं। वह नॉर्वे के लिए गोल कर रहे हैं।"
हालैंड के दो गोलों (48' और 58') की मदद से नॉर्वे ने 3-1 की बढ़त हासिल कर ली थी, लेकिन सेनेगल ने एक गोल करके अंतर कम किया और मैच के आखिरी पलों में यूरोपीय टीम पर लगातार दबाव बनाए रखा।
सोलबाकेन ने आखिरी 10 मिनटों को अपनी जिंदगी के सबसे लंबे 10 मिनटों में से एक बताया, क्योंकि नॉर्वे के कई खिलाड़ी शारीरिक रूप से संघर्ष कर रहे थे। उन्होंने कहा, "हमारे चार या पांच खिलाड़ियों को क्रैम्प्स की समस्या हुई। कुछ समय के लिए हम असल में सिर्फ 9 या 10 खिलाड़ियों के साथ खेल रहे थे, और गोल-लाइन से एक बचाव भी करना पड़ा। यह एक बुरे सपने जैसा था।"
नॉर्वे के कोच ने कहा कि उनकी टीम ने ज्यादातर मैच पर नियंत्रण बनाए रखा, लेकिन सेनेगल की तरफ से अंतर को 3-2 करने के बाद उनकी पकड़ ढीली पड़ गई। उन्होंने कहा, "खेल का वही एक हिस्सा था जब मुझे लगा कि मुकाबले में हमारा नियंत्रण नहीं है। हम क्रॉस को रोक नहीं पा रहे थे और शारीरिक रूप से भी जूझ रहे थे।"
मैच के रोमांचक और तनावपूर्ण अंत के बावजूद, सोलबकेन सेनेगल के खिलाफ नॉर्वे के कुल प्रदर्शन से संतुष्ट थे, उन्होंने सेनेगल को अफ्रीका की सबसे मजबूत टीमों में से एक बताते हुए कहा, "अगर हम थोड़ा भी खराब खेले होते, तो मुश्किल में पड़ जाते। हमने टूर्नामेंट के काफी अनुभव वाली एक बहुत अच्छी टीम को हराया है।"
नॉर्वे शुक्रवार को 'ग्रुप-आई' के आखिरी मैच में फ्रांस का सामना करेगा। दोनों टीमों ने अपने शुरुआती दो मैच जीते हैं और नॉकआउट चरण में अपनी जगह पक्की कर ली है।
सोलबाकेन ने पुष्टि की है कि सेनेगल के खिलाफ मैच की शारीरिक थकान के बाद कई खिलाड़ियों को आराम दिया जाएगा। उन्होंने कहा, "हम फ्रांस के खिलाफ होने वाले मैच में कुछ बदलाव करेंगे। ऐसा इसलिए नहीं है कि हम उन्हें हराना नहीं चाहते, बल्कि इसलिए है क्योंकि हमें मैदान पर एक अलग टीम उतारने की जरूरत है।"
कोच ने बताया कि 6 या 7 खिलाड़ियों को क्रैम्प्स की समस्या होने वाली थी और नॉर्वे के यात्रा कार्यक्रम के कारण रिकवरी की चुनौती और बढ़ जाएगी। उन्होंने कहा, "हमारे पास तैयारी के लिए बहुत कम समय है और इस मैच के आखिर में खिलाड़ी बहुत थक गए थे। कुछ अन्य खिलाड़ियों को भी मौका मिलेगा।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   23 Jun 2026 5:24 PM IST












