फहीम सिन्हा बनेंगे बीपीएल के नए चेयरमैन, अमीनुल इस्लाम की लेंगे जगह
नई दिल्ली, 10 जून (आईएएनएस)। फहीम सिन्हा बांग्लादेश प्रीमियर लीग (बीपीएल) के नए चेयरमैन होंगे। तमीम इकबाल के अध्यक्ष पद संभालने के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने यह फैसला लिया है। बीपीएल पर खिलाड़ियों और अधिकारियों के भुगतान न करने और फिक्सिंग समेत कई गंभीर आरोप लग रहे हैं, जिसको देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने मंगलवार को कन्फर्म किया कि फहीम सिन्हा बांग्लादेश प्रीमियर लीग (बीपीएल) के नए चेयरमैन के तौर पर अमीनुल इस्लाम की जगह लेंगे। यह फैसला बीसीबी अध्यक्ष तमीम इकबाल की अगुवाई में नए चुने गए बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की पहली मीटिंग में लिया गया। फहीम बीपीएल गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन के तौर पर काम करेंगे, जबकि पुराने खेल आयोजक मसुदुज्जमां टूर्नामेंट के मेंबर सेक्रेटरी होंगे।
भुगतान न होने की दिक्कतों को लेकर बीपीएल की आलोचना हो रही है। लीग पर फिक्सिंग के भी आरोप लगे हैं, जिन्हें ठीक करने की जिम्मेदारी नई गवर्निंग काउंसिल के कंधों पर होगी। बीसीबी अध्यक्ष तमीम कार्य और सुविधा समिति को हेड करेंगे, जबकि उनसे बीसीबी क्रिकेट ऑपरेशन्स को भी लीड करने की उम्मीद है, ठीक वैसे ही जैसे उन्होंने एड-हॉक कमेटी के तौर पर अपने समय में किया था।
इस बीच, बीसीबी ने घोषणा की है कि उन्होंने बीसीबी बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स के पद से मीर शकरूल आलम सिमंतो का इस्तीफा स्वीकार कर लिया है, जिन्होंने पारिवारिक प्रतिबद्धताओं का हवाला देते हुए इस्तीफा दिया था। हाल ही में बांग्लादेश के पूर्व क्रिकेटर तमीम इकबाल को बीसीबी का नया अध्यक्ष चुना गया है।
तमीम अगले चार साल तक इस पद पर रहेंगे। रविवार को हुए चुनाव में तमीम को निर्विरोध बीसीबी का अध्यक्ष चुना गया। गौरतलब है कि तमीम अप्रैल से अंतरिम अध्यक्ष के तौर पर इस पद पर काम कर रहे थे। तमीम इकबाल बीसीबी के 21वें अध्यक्ष बने हैं। तमीम ने इंटरनेशनल क्रिकेट को साल 2025 में अलविदा कह दिया था। वह काफी समय से बांग्लादेश टीम से बाहर चल रहे थे और उन्होंने अपना आखिरी मुकाबला साल 2023 में खेला था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   10 Jun 2026 8:37 AM IST












