फाल्टा उपचुनाव को लेकर मंत्री दिलीप घोष बोले- टीएमसी के लोग भाग गए
कोलकाता, 24 मई (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल की फाल्टा विधानसभा उपचुनाव की मतगणना रविवार को होनी है। बंगाल सरकार में मंत्री दिलीप घोष ने मतगणना को लेकर कहा कि फाल्टा का नतीजा सबको पता है। कोई लड़ाई नहीं हुई। टीएमसी के लोग भाग गए।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए दिलीप घोष ने कहा कि कल केंद्र सरकार ने 51 हजार लोगों को नौकरी दी, जिसको लेकर किसी को कोई शिकायत नहीं है। उसी तरह पूरी पारदर्शिता के साथ यहां भी काम किया जाएगा।
नगर निगम की ओर से टीएमसी को नोटिस दिए जाने पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी अस्थायी है और ऑफिस भी अस्थायी है। जब पार्टी ही नहीं रहेगी तो ऑफिस की क्या जरूरत है?
कोलकाता के एक काउंसलर की गिरफ्तारी पर उन्होंने कहा कि ऐसे हजारों काउंसलर हैं, जो लुटेरे और असामाजिक हैं। उनको सजा मिलनी ही चाहिए। जैसे-जैसे साक्ष्य सामने आएंगे, पुलिस अपना काम करेगी। कानून से कोई ऊपर नहीं है। बंगाल में लूटमारी का नेतृत्व इन्हीं लोगों ने किया है।
पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी पर दिलीप घोष ने कहा कि दूसरे देशों में कीमतों में काफी ज्यादा बढ़ोतरी हुई है। सरकार ने तेल कंपनियों को दाम नहीं बढ़ाने दिए थे, जिससे उन्हें काफी नुकसान का सामना करना पड़ा। मौजूदा हालात के हिसाब से तेल के दाम थोड़े बढ़ेंगे ही।
बता दें कि 21 मई को फाल्टा में शांतिपूर्ण मतदान संपन्न हुआ था। 285 मतदान केंद्रों में से किसी से भी हिंसा, तनाव या चुनावी धांधली की कोई रिपोर्ट नहीं मिली थी। पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) ने बताया था कि शाम 5 बजे तक मतदान प्रतिशत 86.11 रहा, जो काफी ज्यादा है।
फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में दोबारा वोटिंग पूरी तरह सुरक्षा घेरे में कराई गई थी, जिसके लिए पूरे विधानसभा क्षेत्र में केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) की 35 कंपनियां तैनात की गई थीं। किसी एक विधानसभा क्षेत्र के लिए यह तैनाती काफी ज्यादा मानी जाती है।
फाल्टा विधानसभा सीट के लिए सबसे पहले 29 अप्रैल को वोटिंग हुई थी। उस दिन चुनाव में धांधली की बड़े पैमाने पर शिकायतें मिलने के बाद भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने पूरे विधानसभा क्षेत्र में दोबारा वोटिंग कराने का आदेश दिया था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   24 May 2026 9:19 AM IST












