फरहान-फखर की जोड़ी ने रचा इतिहास, टी20 वर्ल्ड कप में सबसे बड़ी साझेदारी का बनाया रिकॉर्ड

पल्लेकेले, 28 फरवरी (आईएएनएस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान की भिड़ंत श्रीलंका के साथ हो रही है। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 8 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 212 रन लगाए। पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में साहिबजादा फरहान और फखर जमान की सलामी जोड़ी ने शनिवार को इतिहास रच दिया। दोनों ने टी20 विश्व कप में किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी निभाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया।
फरहान और फखर ने मिलकर पहले विकेट के लिए 15.5 ओवर में 176 रन जोड़े। यह टी20 विश्व कप के इतिहास में किसी भी विकेट के लिए की गई अब तक की सबसे बड़ी साझेदारी है। टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान टीम को फरहान-फखर ने शानदार शुरुआत दी। फखर ने महज 42 गेंदों का सामना करते हुए 84 रनों की दमदार पारी खेली।
वहीं, फरहान ने इस टूर्नामेंट में अपना दूसरा शतक जमाते हुए 60 गेंदों में 100 रन बनाए। अपनी इस पारी में फरहान ने 9 चौके और 5 छक्के लगाए। पाकिस्तान की सलामी जोड़ी के आगे श्रीलंका के गेंदबाज पूरी तरह से बेबस दिखाई दिए। हालांकि, इन दोनों के पवेलियन लौटने के बाद पाकिस्तान ने लगातार अंतराल पर विकेट गंवाए। शादाब खान महज 7 रन ही बना सके, तो मोहम्मद नवाज बिना खाता खोले पवेलियन लौटे।
कप्तान सलमान आगा का भी खाता नहीं खुल सका। वहीं, विकेटकीपर-बल्लेबाज उस्मान खान ने 4 गेंदों में 8 रन बनाए। फरहान-फखर की ऐतिहासिक साझेदारी के दम पर पाकिस्तान की टीम टी20 वर्ल्ड कप में अपना दूसरा सबसे बड़ा टोटल खड़ा करने में सफल रही।
श्रीलंका की तरफ से गेंदबाजी में दिलशान मदुशंका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 33 रन देकर 3 विकेट निकाले। वहीं, कप्तान दासुन शनाका ने 2 विकेट चटकाए।
पाकिस्तान इस मुकाबले में तीन बदलाव के साथ मैदान पर उतरी है। बाबर आजम, सैम अयूब और सलमान मिर्जा को प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं दी गई है। सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए श्रीलंका के खिलाफ पाकिस्तान को कम से कम 64 रनों से जीत दर्ज करनी होगी। पाकिस्तान ऐसा अगर करने में नाकाम रहता है, तो न्यूजीलैंड को अंतिम चार का टिकट मिल जाएगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   28 Feb 2026 9:39 PM IST











