फीफा वर्ल्ड कप स्विट्जरलैंड ने बनाई राउंड ऑफ 16 में जगह, अल्जीरिया को 2-0 से हराया
वैंकूवर, 3 जुलाई (आईएएनएस)। स्विट्जरलैंड ने फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 16 में जगह बना ली है। बीसी प्लेस स्टेडियम में हुए राउंड ऑफ 32 के मुकाबले में स्विट्जरलैंड ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अल्जीरिया को 2-0 से हराया।
स्विट्जरलैंड की ओर से इस मुकाबले में ब्रील एम्बोलो और डैन नडोये ने गोल दागे। मैच की शुरुआत से ही स्विट्जरलैंड ने आक्रामक खेल दिखाया। 10वें मिनट में जोहान मंजांबी ने शानदार दौड़ लगाते हुए गेंद को पेनल्टी बॉक्स के अंदर पहुंचाया। मंजांबी से मिले पास को ब्रील एम्बोलो ने गोल में तब्दील करके स्विट्जरलैंड को 1-0 की बढ़त दिलाई। पहले हाफ में अल्जीरिया ने भी कुछ अच्छे हमले किए, लेकिन टीम स्विट्जरलैंड के डिफेंस को नहीं भेद सकी।
दूसरे हाफ की शुरुआत होते ही स्विट्जरलैंड ने अपनी बढ़त दोगुनी कर दी। खेल शुरू होने के एक मिनट के अंदर ही डेनिस जकारिया का क्रॉस अल्जीरिया की टीम ठीक से क्लियर नहीं कर सकी। गेंद डैन नडोये के पास पहुंची, जिन्होंने पेनल्टी बॉक्स के बाहर से शानदार शॉट लगाकर गेंद को गोल पोस्ट में भेज दिया। यह वर्ल्ड कप में नडोये का पहला गोल था और उन्होंने खास अंदाज में इसका जश्न मनाया।
2-0 से पीछे होने के बाद अल्जीरिया मैच में वापसी नहीं कर सका। टीम ने कुछ कोशिशें जरूर कीं, लेकिन वह कोई बड़ा मौका नहीं बना पाई। दूसरी ओर स्विट्जरलैंड ने पूरे मैच में गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा और अपनी बढ़त सुरक्षित रखी। इस जीत के साथ स्विट्जरलैंड ने वर्ल्ड कप में लगातार तीसरी जीत दर्ज की। इससे पहले, टीम ने ग्रुप चरण में बोस्निया और हर्जेगोविना तथा कनाडा को हराया था। यह पहला मौका है जब स्विट्जरलैंड ने वर्ल्ड कप में लगातार तीन मैच जीते हैं।
स्विट्जरलैंड 17 मुकाबलों में सिर्फ एक हार के साथ इस मैच में उतरा था, और टीम ने अपनी जबरदस्त लय को अल्जीरिया के खिलाफ भी बनाए रखा। अब स्विट्जरलैंड का अगला मुकाबला 7 जुलाई को कोलंबिया और घाना के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा। इस मुकाबले की मेजबानी भी वैंकूवर ही करेगा। स्विट्जरलैंड लगातार तीसरी बार वैंकूवर में खेलेगा, और टीम की निगाहें जीत की हैट्रिक पर होंगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   3 July 2026 12:30 PM IST












