फायरिंग के बाद एकनाथ शिंदे ने टाइगर श्रॉफ से की मुलाकात, घायल अभिनेता के हाथ और छाती पर दिखीं पट्टियां
मुंबई, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग किए जाने की घटना सामने आई है। टाइगर इस हमले में घायल हो गए हैं, हालांकि राहत की बात यह है कि वे सुरक्षित हैं। इस घटना में टाइगर के ड्राइवर फिरदौस सहित दो लोग भी घायल हुए हैं।
फायरिंग की घटना के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने टाइगर श्रॉफ से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। सामने आई तस्वीरों में टाइगर श्रॉफ, एकनाथ शिंदे के साथ बैठे दिखाई दे रहे हैं। उनकी छाती पर पट्टी बंधी हुई है, जबकि बाएं हाथ पर भी चोट के कारण पट्टी लगी हुई नजर आ रही है।
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "टाइगर श्रॉफ से जुड़ी गोलीबारी की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और गंभीर है। वीडियो देखने पर पता चला कि करीब पांच राउंड फायरिंग हुई, जिसमें उनका ड्राइवर घायल हो गया। भगवान की कृपा से टाइगर श्रॉफ बच गए, जो कि बहुत बड़ी राहत की बात है। हालांकि, इस तरह की हरकत की जितनी भी निंदा की जाए, वह कम है। मैंने टाइगर श्रॉफ और उनके परिवार से बात की है। उनके ड्राइवर के दाहिने हाथ में चोट आई है। टाइगर का परिवार, खासकर उनकी मां इस घटना को लेकर बहुत चिंतित हैं और सोच रहे हैं कि आखिर किसी ने उन पर हमला क्यों किया, जबकि उनकी किसी से कोई दुश्मनी या रंजिश नहीं है।"
अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर हुए हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग द्वारा लिए जाने की खबर सामने आई है। इस पर उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, "चाहे इसमें कोई भी गैंग शामिल हो, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। यह मुंबई है। वे यहां फिर से गैंगवार को जिंदा करने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन पुलिस और सरकार उनकी मनमानी या उनकी किसी भी हरकत को बर्दाश्त नहीं करेगी। मुख्यमंत्री और हम सभी ने इस मामले को बहुत गंभीरता से लिया है। मेरी सभी सेलिब्रिटीज से अपील है कि अगर उन्हें इस तरह की कोई कॉल आती है, तो वे तुरंत पुलिस को सूचित करें।"
उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, "मैंने इस मामले को लेकर पुलिस कमिश्नर और टाइगर श्रॉफ से बात की है। मुंबई पुलिस कमिश्नर ने हमलावरों को पकड़ने के लिए कई टीमें बनाई हैं। गोलीबारी के लिए जिम्मेदार लोगों को जल्द ही ढूंढ निकाला जाएगा और गिरफ्तार किया जाएगा और उन्हें उन्हीं की भाषा में करारा जवाब दिया जाएगा।"
वहीं, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की सांसद सुप्रिया सुले ने एक्स पोस्ट पर लिखा, "एक ऐसी घटना सामने आई है जिसमें मुंबई में हुई गोलीबारी के दौरान अभिनेता टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाया गया। राज्य भर में लगातार गोलीबारी की घटनाएं सामने आ रही हैं और हालात ऐसे हैं कि अपराधियों को अब कानून का कोई डर नहीं रह गया है। गनीमत रही कि इस घटना में अभिनेता को तो कोई चोट नहीं आई, लेकिन पता चला है कि कुछ अन्य लोग घायल हुए हैं। दिन-दहाड़े, भीड़भाड़ वाली सड़कों पर अपराधी तलवारें लहरा रहे हैं और गोलियां चला रहे हैं। महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था की यह स्थिति बेहद चिंताजनक है। नतीजतन, आम नागरिक डर के साये में जी रहे हैं और अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। मैं गृह मंत्री से आग्रह करती हूं कि वे राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति की तुरंत समीक्षा करें और जनता को आश्वस्त करने के लिए उचित कदम उठाएं।"
'ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन' ने भी इस घटना पर गहरा दुख जताया है। एसोसिएशन ने एक्स पोस्ट में कहा, "आज टाइगर श्रॉफ हैं। अगला कौन होगा? जब मुंबई के बीचों-बीच एक सेलिब्रिटी सुरक्षित नहीं है, तो एक आम मुंबईकर खुद को कैसे सुरक्षित महसूस कर सकता है?"
बता दें कि यह घटना रविवार शाम को हुई, जब मोटरसाइकिल पर सवार तीन लोगों ने जुहू में टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलियां चलाईं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी पुलिस कमिश्नर को इस मामले की तुरंत जांच करने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
टाइगर श्रॉफ का ड्राइवर मुंबई के नानावटी अस्पताल में भर्ती है। वहीं, फायरिंग मामले में घायल एक अन्य व्यक्ति उमेश चव्हाण को कूपर अस्पताल से केईएम अस्पताल में शिफ्ट कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि वह गंभीर रूप से घायल हैं और बेहतर इलाज मुहैया कराने के लिए अधिकारियों ने उन्हें केईएम अस्पताल भेज दिया है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   19 Oct 2026 8:17 AM IST












