गाने में देखा, दिल दे बैठे भज्जी 'वो अजनबी' से शुरू हुई गीता बसरा और हरभजन सिंह की दिलचस्प लव स्टोरी
मुंबई, 12 मार्च (आईएएनएस)। बॉलीवुड और क्रिकेट की दुनिया में ऐसी कई जोड़ियां रही हैं जिनकी प्रेम कहानियां लंबे समय तक चर्चा में रहती हैं। इसी तरह की एक दिलचस्प और थोड़ी फिल्मी सी लव स्टोरी है अभिनेत्री गीता बरसा और भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर हरभजन सिंह की। खास बात यह है कि इस रिश्ते की शुरुआत किसी मुलाकात से नहीं, बल्कि एक गाने से हुई थी। एक गाना, एक झलक और फिर शुरू हुआ प्यार का सिलसिला, जो कई साल बाद शादी तक पहुंचा।
प्रेम कहानी की शुरुआत साल 2007 में होती है, जब फिल्म 'द ट्रेन' का गाना 'वो अजनबी' काफी चर्चा में था। इसी गाने में गीता बसरा नजर आई थीं। कहा जाता है कि हरभजन सिंह ने जब पहली बार यह गाना देखा तो वे गीता बसरा की खूबसूरती और स्क्रीन प्रेजेंस से काफी प्रभावित हो गए। बस यहीं से उनके दिल में गीता के लिए खास जगह बन गई। लेकिन उस समय दोनों एक-दूसरे को जानते तक नहीं थे।
हरभजन सिंह ने ठान लिया कि वे गीता बसरा से जरूर मिलेंगे। हालांकि यह इतना आसान भी नहीं था। उनके पास गीता का नंबर नहीं था। तब उनकी मदद के लिए उनके दोस्त और टीम के साथी क्रिकेटर युवराज सिंह आगे आए। कहा जाता है कि युवराज सिंह ने अपने फिल्मी जानकारों का इस्तेमाल करके किसी तरह गीता बसरा का नंबर निकलवाया।
जब हरभजन ने गीता को मैसेज भेजा, तो शुरुआत में उन्हें कोई खास जवाब नहीं मिला। गीता बसरा ने उनके मैसेज को काफी समय तक इग्नोर करती रहीं। फिर एक ऐसा मौका आया, जिसने दोनों के बीच बातचीत की शुरुआत करा दी। साल 2007 में भारतीय क्रिकेट टीम ने 2007 आईसीसी वर्ल्ड टी-20 में जीत हासिल की। इस जीत के बाद गीता बसरा ने हरभजन सिंह को बधाई देने के लिए एक मैसेज भेजा। बस यहीं से दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई।
धीरे-धीरे यह बातचीत दोस्ती में बदली। शुरुआत में दोनों ने एक-दूसरे को समझने के लिए काफी समय लिया। करीब एक साल बाद दोनों की पहली मुलाकात और डेट हुई। इसके बाद उनका रिश्ता धीरे-धीरे मजबूत होता गया। दोनों ने अपने रिश्ते को मीडिया से भी काफी समय तक दूर रखा। लगभग 8 साल तक डेट करने के बाद आखिरकार उन्होंने शादी करने का फैसला किया।
29 अक्टूबर 2015 को गीता बसरा और हरभजन सिंह ने पंजाब के शह जलंधर में पारंपरिक पंजाबी रीति-रिवाजों के साथ शादी कर ली। आज यह जोड़ी दो बच्चों के साथ खुशहाल पारिवारिक जीवन जी रही है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   12 March 2026 10:54 PM IST












