आंवला शरबत गर्मियों का टॉनिक, पीने के मिलेंगे अनगिनत लाभ
नई दिल्ली, 12 अप्रैल (आईएएनएस)। गर्मी हो या सर्दी, आंवले का सेवन हर मौसम में शरीर के लिए लाभकारी होता है। आंवला को शरीर के लिए काफी फायदेमंद बताया गया है। क्या आप जानते हैं कि गर्मियों में आंवला का सेवन करने से शरीर की ऊर्जा बरकरार रहती है और शरीर की सुस्ती का भी अंत होता है। हालांकि, इसके सेवन से पहले तरीका जान लेना भी जरूरी है।
आयुर्वेद में आंवला को अमलकी या 'अमृतफल' माना गया है, जो शरीर में त्रिदोष को संतुलित करने में मदद करता है। आवंला वात, पित्त, कफ तीनों को संतुलित करने का काम करता है। इसमें मौजूद विटामिन सी शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है और मौसम बदलने के साथ होने वाले संक्रमण से भी बचाता है। गर्मी से बचने के लिए और शरीर को ठंडक पहुंचाने के लिए आंवले से बने शरबत का सेवन करना अधिक लाभकारी माना गया है।
इसके लिए मटके का पानी, सेंधा नमक, धागे वाली मिश्री, सब्जा के बीज और आंवला का चूर्ण या ताजे आंवले का रस लें। पानी में एक आंवला रस मिलाएं, सब्जा के बीज और चुटकी भर सेंधा नमक मिलाएं। पूरी तरह मिलाने के बाद उसमें धागे वाली मिश्री को पीसकर मिलाएं और आखिर में बर्फ डालकर सर्व करें। यह ड्रिंक इलेक्ट्रोलाइट बैलेंस बनाए रखता है और थकान तुरंत दूर करता है।
इस शरबत के सेवन से गर्मियों में लू लगने का खतरा कम होता है और शरीर की अंदरूनी गर्मी कम होती है। गर्मियों में शरीर के तापमान को सामान्य बनाए रखने के लिए भी आंवला का शरबत मदद करता है। गर्मियों में पित्त और वात का असंतुलन आम है, जिससे शरीर में जकड़न बनी रहती है। इस सभी परेशानियों से राहत पाने के लिए आंवला का शरबत मददगार है।
वात और पित्त के कम होने से पेट की अग्नि भी शांत होती है और चेहरे पर निकलने वाले मुहांसे कम होते हैं। गर्मियों में शरीर बाहरी और आंतरिक रूप से रूखा महसूस करता है। आंवला के रस के सेवन से शरीर में नमी बनी रहती है और त्वचा से संबंधित विकार भी कम होते हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   12 April 2026 10:52 PM IST












