गरुड़ शक्ति भारत-इंडोनेशिया की स्पेशल फोर्स का आतंकवाद विरोधी अभियान

नई दिल्ली, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत और इंडोनेशिया के विशेष बल जंगलों में आतंकवाद विरोधी अभियानों और उग्रवाद से निपटने की रणनीतियों का संयुक्त अभ्यास करेंगे। इसके लिए भारतीय सेना के विशेष बलों का एक दल इंडोनेशिया के बान्युवांगी के लिए रवाना हो गया है। यह दल दोनों देशों के बीच होने वाले संयुक्त सैन्य अभ्यास 'गरुड़ शक्ति 2026' के 12वें संस्करण में हिस्सा लेगा।
इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य दोनों देशों के विशेष बलों के बीच आपसी तालमेल और संयुक्त अभियान चलाने की क्षमता को मजबूत करना है। इसके तहत भारतीय और इंडोनेशियाई सैनिक विशेष अभियानों से जुड़ी रणनीतियों, तकनीकों और कार्यप्रणालियों का एक-दूसरे के साथ आदान-प्रदान करेंगे।
सेना के मुताबिक, अभ्यास में जंगलों के चुनौतीपूर्ण इलाकों में आतंकवाद विरोधी और उग्रवाद विरोधी परिस्थितियों से निपटने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। जंगलों में सैन्य अभियान चलाना विशेष बलों के लिए एक चुनौतीपूर्ण कार्य होता है। घनी वनस्पति, कठिन रास्ते और सीमित दृश्यता के कारण सैनिकों के लिए आगे बढ़ना, स्थिति पर नजर रखना और अभियान के दौरान आपसी संपर्क बनाए रखना मुश्किल हो सकता है। ऐसे वातावरण में प्रशिक्षण से सैनिकों को कठिन परिस्थितियों में अपनी रणनीति और कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने का अवसर मिलता है।
गरुड़ शक्ति अभ्यास भारत और इंडोनेशिया की सेनाओं के बीच रक्षा सहयोग को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है। इस दौरान दोनों देशों के सैनिकों को एक-दूसरे के अभियान संबंधी अनुभव और कार्यप्रणालियों को समझने का अवसर मिलता है। इससे संयुक्त अभियानों के दौरान बेहतर तालमेल स्थापित करने में मदद मिलती है। अभ्यास का 12वां संस्करण दोनों देशों के विशेष बलों के बीच पेशेवर सहयोग और आपसी समझ को आगे बढ़ाने पर केंद्रित है।
इसके माध्यम से भारत और इंडोनेशिया अपनी सैन्य क्षमताओं के अनुभव साझा करने के साथ ही क्षेत्रीय सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों का मिलकर सामना करने की तैयारी को भी मजबूत करेंगे।
गौरतलब है कि बीते दिनों भारत-इंडोनेशिया के बीच आर्मी टू-आर्मी स्टाफ वार्ता भी हुई थी। भारत व इंडोनेशिया के बीच इस सैन्य वार्ता का उद्देश्य रक्षा सहयोग को और मजबूत करना था। यहां रक्षा सहयोग के नए क्षेत्रों की पहचान करने और मौजूदा सहयोग को आगे बढ़ाने पर दोनों देशों ने सहमति दी गई थी। द्विपक्षीय रक्षा सहयोग व संयुक्त प्रशिक्षण का दायरे बढ़ाने पर दोनों पक्ष राजी हुए हैं।
भारत में आयोजित इस वार्ता में भारतीय सेना के प्रतिनिधिमंडल ने इंडोनेशियाई सेना टीएनआई-एडी के प्रतिनिधिमंडल के साथ विभिन्न रक्षा और सैन्य मुद्दों पर विचार-विमर्श किया था। इंडोनेशियाई प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व ब्रिगेडियर जनरल आरी प्रसत्य, वीएसीओएस इंटेलिजेंस ने किया था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
