गौतम गंभीर कुशल रणनीतिकार, जिनकी कोचिंग में भारत ने सालभर में जीते 2 आईसीसी टूर्नामेंट्स

गौतम गंभीर कुशल रणनीतिकार, जिनकी कोचिंग में भारत ने सालभर में जीते 2 आईसीसी टूर्नामेंट्स
भारत ने रविवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के खिताबी मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ 96 रन से शानदार जीत दर्ज की। इसी के साथ टीम इंडिया रिकॉर्ड तीसरी बार टी20 विश्व कप विजेता बनी।

नई दिल्ली, 9 मार्च (आईएएनएस)। भारत ने रविवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के खिताबी मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ 96 रन से शानदार जीत दर्ज की। इसी के साथ टीम इंडिया रिकॉर्ड तीसरी बार टी20 विश्व कप विजेता बनी।

भारत को खिताब जिताने में न सिर्फ भारतीय खिलाड़ियों, बल्कि हेड कोच गौतम गंभीर की भी अहम भूमिका रही, जिनके मार्गदर्शन में भारत ने करीब 1 साल के अंतराल में दो आईसीसी टूर्नामेंट्स अपने नाम कर लिए हैं। संयोग की बात ये है कि इन दोनों ही टूर्नामेंट में विपक्षी टीम न्यूजीलैंड ही थी। दोनों बार न्यूजीलैंड की कमान मिचेल सेंटनर के हाथों में थी।

टीम इंडिया ने 9 मार्च 2025 को न्यूजीलैंड के विरुद्ध दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 4 विकेट से चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता था। उस मुकाबले में मिचेल सेंटनर की कप्तानी में ही न्यूजीलैंड ने 7 विकेट खोकर 251 रन बनाए थे। इसके जवाब में टीम इंडिया ने 49 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया था।

इसके करीब एक साल बाद भारत ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट खोकर 255 रन बनाए। इसके जवाब में न्यूजीलैंड की टीम 19 ओवरों में महज 159 रन पर सिमट गई।

उल्लेखनीय है कि टी20 वर्ल्ड कप 2007 के खिताबी मुकाबले में गौतम गंभीर ने 75 रन की पारी खेलकर भारत को पाकिस्तान के खिलाफ 5 रन से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। इसके बाद वनडे वर्ल्ड कप 2011 के खिताबी मुकाबले में 97 रन बनाकर भारत को श्रीलंका के विरुद्ध 6 विकेट से जीत दिलाने में उनका बेहद खास योगदान रहा था।

गौतम गंभीर ने हाल के समय में अपने फैसलों और रणनीतियों से खुद को एक बेहतर कोच साबित किया है। उन्होंने युवा खिलाड़ियों पर भरोसा जताया और टीम को आक्रामक और संतुलित क्रिकेट खेलने के लिए प्रेरित किया। उनके मार्गदर्शन में टीम का प्रदर्शन लगातार बेहतर होता दिखाई दे रहा है।

एक खिलाड़ी के तौर पर दो वर्ल्ड कप खिताब जीतने के बाद गंभीर ने बतौर कप्तान कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को दो बार आईपीएल खिताब (2012 और 2014) जिताने में अहम भूमिका निभाई।

इसके बाद एक मेंटॉर के तौर पर गंभीर ने लखनऊ सुपर जायंट्स को साल 2022 और 2023 में प्लेऑफ तक पहुंचाया। साल 2024 में उनकी मेंटॉरशिप में केकेआर चैंपियन बनी।

गौतम गंभीर को साल 2024 में राष्ट्रीय टीम के हेड कोच का पद सौंपा गया, जिसमें शुरुआती दौर उनके लिए परेशानी से भरा रहा, लेकिन इसके बाद उन्होंने खुद को एक कुशल रणनीतिकार साबित करते हुए भारत को सालभर के अंदर दो आईसीसी ईवेंट्स जिताए। गौतम गंभीर इकलौते ऐसे कोच हैं, जिन्होंने भारत को दो आईसीसी ट्रॉफी जिताई है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   9 March 2026 11:18 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story