गौतमबुद्धनगर में होली पर सभी शराब और भांग की दुकानें रहेंगी बंद

गौतमबुद्धनगर में होली पर सभी शराब और भांग की दुकानें रहेंगी बंद
होली के मुख्य पर्व (फाग) के अवसर पर जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने बुधवार को पूर्ण शराबबंदी का आदेश जारी किया है।

गौतमबुद्धनगर, 3 मार्च (आईएएनएस)। होली के मुख्य पर्व (फाग) के अवसर पर जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने बुधवार को पूर्ण शराबबंदी का आदेश जारी किया है।

जिला मजिस्ट्रेट द्वारा जारी निर्देशों के मुताबिक, जनपद की समस्त मदिरा एवं आबकारी अनुज्ञापन 4 मार्च को पूरे दिन बंद रहेंगे। प्रशासन द्वारा यह आदेश संयुक्त प्रांत आबकारी अधिनियम, 1910 के अध्याय 9 की धारा 59 में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जारी किया गया है।

होली के दौरान संभावित अव्यवस्थाओं और किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की आशंका को ध्यान में रखते हुए यह कदम उठाया गया है, ताकि जनपद में पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

जिला प्रशासन के अनुसार, बुधवार को देशी मदिरा की दुकानें, कम्पोजिट शॉप, भांग की फुटकर बिक्री की दुकानें, प्रीमियम रिटेल वेंड, मॉडल शॉप/बार (एफएल-6, एफएल-7, 7(1), एफएल-9, 9ए, 40, 41, 49) सहित सभी प्रकार के आबकारी अनुज्ञापन बंद रहेंगे। इसके अतिरिक्त सैन्य कैंटीन, अर्द्धसैनिक कैंटीन, थोक अनुज्ञापन (सीएल-2, एफएल-2, 2ए, 2बी), फार्मेसी, बीआईओ-1/0, बॉंन्‍ड अनुज्ञापन तथा जनपद के अन्य समस्त आबकारी लाइसेंस भी इस दिन प्रभावी रूप से बंद रखे जाएंगे।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस बंदी के कारण संबंधित अनुज्ञापियों को किसी प्रकार का प्रतिफल या क्षतिपूर्ति देय नहीं होगी। आदेश का उल्लंघन करने पर संबंधित के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

गौरतलब है कि होली के अवसर पर शराब के सेवन से अक्सर विवाद और कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित होने की आशंका रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन द्वारा यह एहतियाती कदम उठाया गया है।

अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे होली का पर्व आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के साथ मनाएं तथा प्रशासन का सहयोग करें। जिला प्रशासन ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया है कि आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए, ताकि पर्व के दौरान जनपद में पूरी तरह शांति व्यवस्था बनी रहे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   3 March 2026 5:52 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story