घरेलू और कमर्शियल गैस के दाम बढ़े, उपभोक्ताओं की मिलीजुली प्रतिक्रिया
नई दिल्ली, 7 मार्च (आईएएनएस)। तेल कंपनियों ने शनिवार को घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए हैं। घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपए और कमर्शियल सिलेंडर की कीमत में 114.5 रुपए की बढ़ोतरी की गई, जिसको लेकर लोगों की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।
एलपीजी की बढ़ी कीमतों पर अयोध्या की एक महिला ने आईएएनएस से कहा कि सरकार कहती है कि गरीबों की मदद करने वाला कोई नहीं है। हर चीज की कीमतें बढ़ रही हैं, हम कैसे गुजारा करेंगे?
अयोध्या के एक शख्स ने आईएएनएस से कहा कि अगर कीमत में काफी वृद्धि होती है, तो निश्चित रूप से समस्या होगी, लेकिन हमें इसे खरीदना ही होगा। हमारे पास और क्या विकल्प है? यहां तक कि हमारे द्वारा किए जाने वाले छोटे-मोटे कामों में भी लागत का असर महसूस होता है और हम इससे बच नहीं सकते।
एक और व्यक्ति ने आईएएनएस कहा कि पेट्रोल की बढ़ती कीमतें स्वाभाविक रूप से बहुत मुश्किल हैं। कीमतें लगातार बढ़ रही हैं तो हम क्या कर सकते हैं? हम पेट्रोल के बिना काम नहीं चला सकते, यह एक आवश्यकता है।
महाराष्ट्र के नासिक में घरेलू और व्यावसायिक गैस की बढ़ी कीमतों से व्यापारी परेशान हो गए हैं। नासिक की रहने वाली रोशनी कुलकर्णी ने कहा कि संघर्ष की वजह से सरकार ने गैस के जो दाम बढ़ाए हैं, उसको थोड़ा कम करना चाहिए। रेट बढ़ने से हमारा बजट कोलेप्स हो जाता है।
नासिक की ही रहने वाली सविता दीक्षित ने कहा कि घरेलू गैस के दाम बहुत बढ़ गया है। इस पर सरकार को ध्यान देना चाहिए। गैस के दाम बढ़ने से हमारा पूरा सिस्टम बिगड़ गया है।
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के अनुसार, नई दिल्ली में 14.2 किलो के बिना सब्सिडी वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 913 रुपए कर दी गई है, जो पहले 853 रुपए थी। घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में एक साल से भी कम समय में यह दूसरी बार बढ़ोतरी हुई है। कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में भी प्रति यूनिट 114.5 रुपए की बढ़ोतरी हुई है।
विशेषज्ञों के अनुसार, हाल में वैश्विक ऊर्जा कीमतों में तेजी मध्य पूर्व में सैन्य तनाव के बढ़ने के बाद आई है। इस संघर्ष ने ऊर्जा बाजार को प्रभावित किया है और वैश्विक तेल व गैस मार्गों में आपूर्ति स्थिरता को लेकर चिंताएं बढ़ाई हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   7 March 2026 1:31 PM IST












