गाज़ियाबाद के पटेल नगर में भीषण अग्निकांड, एसी सर्विस सेंटर में लगी आग से बुजुर्ग की मौत

गाज़ियाबाद के पटेल नगर में भीषण अग्निकांड, एसी सर्विस सेंटर में लगी आग से बुजुर्ग की मौत
गाज़ियाबाद के पटेल नगर कॉलोनी में शनिवार तड़के एक बड़ा अग्निकांड हो गया। सुबह करीब 3 बजे तीन मंजिला एयर कंडीशनर सर्विस सेंटर में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के दौरान सर्विस सेंटर में रखे एसी में गैस भरने वाले सिलेंडरों और एसी के कंप्रेसरों में लगातार धमाके होते रहे, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

गाजियाबाद, 9 मई (आईएएनएस)। गाज़ियाबाद के पटेल नगर कॉलोनी में शनिवार तड़के एक बड़ा अग्निकांड हो गया। सुबह करीब 3 बजे तीन मंजिला एयर कंडीशनर सर्विस सेंटर में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के दौरान सर्विस सेंटर में रखे एसी में गैस भरने वाले सिलेंडरों और एसी के कंप्रेसरों में लगातार धमाके होते रहे, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

आग इतनी भयावह थी कि आसपास के रिहायशी मकानों तक फैलने का खतरा पैदा हो गया। हादसे में एक 80 वर्षीय बुजुर्ग की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि कई वाहन जलकर खाक हो गए। जानकारी के अनुसार कमिश्नरेट गाजियाबाद को 9 मई 2026 की सुबह 3:05 बजे सूचना मिली कि पटेल नगर स्थित प्लॉट नंबर एफ-87 में संचालित एयर कंडीशनर सर्विस सेंटर में आग लग गई है।

सूचना मिलते ही फायर स्टेशन कोतवाली से अग्निशमन अधिकारी और दमकल की गाड़ियां मौके के लिए रवाना की गईं। जब फायर यूनिट घटनास्थल पर पहुंची तो देखा कि आग तीन मंजिला इमारत में पूरी तरह फैल चुकी थी और अंदर रखे गैस सिलेंडरों तथा कंप्रेसरों में लगातार विस्फोट हो रहे थे। घनी आबादी वाले इलाके में स्थित इस बिल्डिंग से निकल रहा काला धुआं और तेज लपटें आसपास के लोगों के लिए डर का कारण बन गईं।

आग की गंभीरता को देखते हुए वैशाली, साहिबाबाद और मोदीनगर फायर स्टेशन से भी अतिरिक्त दमकल गाड़ियों को बुलाया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व में फायर सर्विस की टीमों ने चार हौज पाइप फैलाकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। धुएं की अधिकता और लगातार हो रहे ब्लास्ट के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आईं। दमकल कर्मियों को बीए सेट पहनकर अंदर प्रवेश करना पड़ा।

कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद कुल आठ दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। फायर विभाग द्वारा चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान भूतल पर एक बुजुर्ग व्यक्ति मृत अवस्था में मिले। उनकी पहचान त्रिलोकी नाथ (80 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि उनकी मौत दम घुटने के कारण हुई।

हादसे में दो कारें और करीब दस मोटरसाइकिलें भी जलकर राख हो गईं। फिलहाल पुलिस और फायर विभाग आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हुए हैं। प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट या गैस सिलेंडर में रिसाव की जताई जा रही है।

--आईएएनएस

पीकेटी/पीएम

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   9 May 2026 2:23 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story