घुसपैठियों की वजह से बदल रही डेमोग्राफी, कार्रवाई जरूरी अन्नपूर्णा देवी
रांची, 4 जून (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने एसआईआर को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि देश के कई हिस्सों में जिस तरह से यह प्रक्रिया चल रही है, वह बहुत जरूरी है। घुसपैठियों की वजह से कई इलाकों में डेमोग्राफी बदल रही है, जिसका असर स्थानीय लोगों के अधिकारों पर पड़ रहा है। इसलिए सभी राज्यों के लिए एसआईआर बहुत जरूरी है।
अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि झारखंड के संथाल परगना से लेकर रांची तक कई जगहों पर बाहरी लोगों के आने से स्थानीय लोगों के हक प्रभावित हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि घुसपैठियों के कारण स्थानीय नागरिकों के अधिकारों की अनदेखी हो रही है और यह चिंता का विषय है। उनके अनुसार एसआईआर जैसी प्रक्रिया के जरिए ऐसे लोगों की पहचान करना जरूरी है, ताकि राज्य के असली नागरिकों के अधिकार सुरक्षित रह सकें।
उन्होंने आगे कहा कि चुनाव आयोग ने इस प्रक्रिया के लिए कुछ मानदंड तय किए हैं और उन मानदंडों के आधार पर ही कार्रवाई हो रही है। उनका कहना है कि जो लोग अवैध रूप से रह रहे हैं, उन्हें सिस्टम से बाहर किया जाना चाहिए ताकि मतदाता सूची साफ और पारदर्शी बनी रहे।
उन्होंने यह भी कहा कि असम और बंगाल में पहले ही इस तरह की कार्रवाई हो चुकी है और आने वाले समय में झारखंड में भी एसआईआर किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे यह सुनिश्चित होगा कि केवल वैध नागरिक ही मतदान प्रक्रिया का हिस्सा बनें।
वहीं, पश्चिम बंगाल में एसआईआर के दौरान बड़ी संख्या में लोग झारखंड और अन्य राज्यों में पलायन कर गए थे। इस पर उन्होंने कहा कि जल्द झारखंड में भी एसआईआर प्रक्रिया शुरू हो सकती है, जिससे ऐसे लोगों की पहचान की जा सकेगी और नियमों के तहत उन्हें वापस भेजा जाएगा। उनका कहना है कि चुनाव आयोग अच्छे से काम कर रहा है, इसलिए चाहे कुछ भी हो जाए घुसपैठियों को देश से बाहर जाना ही पड़ेगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   5 Jun 2026 12:16 AM IST












