गिरधारी यादव विवाद पर केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने कहा, "तथ्यों के आधार पर लिया गया फैसला"
नई दिल्ली, 25 मार्च (आईएएनएस)। लोकसभा के भीतर जेडीयू सांसद गिरधारी यादव को अयोग्य ठहराने के मुद्दे पर सियासत तेज हो गई है। केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन (ललन) सिंह ने इस पूरे विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पार्टी ने कोई एकतरफा फैसला नहीं लिया है बल्कि यह मामला तथ्यों के आधार पर आगे बढ़ाया गया है।
केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन (ललन) सिंह ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि गिरधारी यादव ने 2025 के विधानसभा चुनाव में आरजेडी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे बेटे के लिए सक्रिय रूप से प्रचार किया। इसी को पार्टी विरोधी गतिविधि मानते हुए जेडीयू के संसदीय नेता दिलेश्वर कामत ने लोकसभा अध्यक्ष को आवेदन दिया है। अब इस पर अंतिम निर्णय अध्यक्ष द्वारा लिया जाएगा।
वहीं, जेडीयू की ओर से दिलेश्वर कामत ने भी अपने रुख को दोहराते हुए कहा कि गिरधारी यादव के खिलाफ पर्याप्त प्रमाण मौजूद हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सांसद ने पार्टी के खिलाफ काम किया और विपक्षी दल के उम्मीदवार के समर्थन में प्रचार किया, जो कि दलबदल विरोधी नियमों के तहत गंभीर उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि नियमों के अनुसार उनकी सदस्यता समाप्त की जानी चाहिए।
इस पूरे मामले पर आरजेडी सांसद मीसा भारती ने लोकसभा में जेडीयू के नेता दिलेश्वर कामत द्वारा लोकसभा स्पीकर को बांका से जेडीयू सांसद गिरधारी यादव को पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए अयोग्य ठहराने के नोटिस पर कहा, "वो तो जेडीयू के सांसद हैं और मुझे लगता है उनका लड़का अगर चुनाव लड़ रहा है तो वह वयस्क है। इस पर देखते हैं कि क्या कार्रवाई होती है।"
बता दें कि जदयू के लोकसभा सांसद गिरधारी यादव की सदस्यता रद्द करने के लिए पार्टी के संसदीय दल के नेता और सुपौल से सांसद दिलेश्वर कामत ने लोकसभा अध्यक्ष को नोटिस सौंपा है। नोटिस में उन्होंने गिरधारी यादव को पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण अयोग्य घोषित करने की मांग की है। जेडीयू के सूत्रों ने बताया कि बांका से सांसद गिरधारी यादव पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त रहे हैं। उन्होंने एसआईआर के मुद्दे पर भी पार्टी की आधिकारिक राय के खिलाफ रुख अपनाया है। जेडीयू के इस कदम को लेकर बिहार का सियासी तापमान गर्मा गया है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 March 2026 2:42 PM IST












