गिरिडीह में फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव, दहेज हत्या का आरोप, ससुराल के लोग फरार

गिरिडीह में फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव, दहेज हत्या का आरोप, ससुराल के लोग फरार
झारखंड के गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांडेय गांव में रविवार को एक 26 वर्षीय विवाहिता ललिता देवी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से झूलता हुआ बरामद किया गया। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

गिरिडीह, 24 मई (आईएएनएस)। झारखंड के गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र के अंतर्गत गांडेय गांव में रविवार को एक 26 वर्षीय विवाहिता ललिता देवी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से झूलता हुआ बरामद किया गया। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज प्रताड़ना और सुनियोजित हत्या का सीधा आरोप लगाया है। घटना के बाद से ही मृतका का पति पवन यादव और ससुराल के अन्य सदस्य घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। मिली जानकारी के अनुसार, पोबी गांव निवासी जीतू यादव की पुत्री ललिता देवी की शादी महज एक वर्ष पहले ही गांडो गांव निवासी पवन यादव के साथ हुई थी।

पड़ोसियों ने रविवार को ललिता का शव घर के भीतर फंदे से लटका देखा, जिसके बाद इसकी सूचना तुरंत जमुआ थाना पुलिस और मृतका के मायके वालों को दी गई। ललिता की मौत की खबर मिलते ही उसके माता-पिता और मायके पक्ष के लोग भारी संख्या में गांव पहुंचे। मृतका के मायके वालों ने पुलिस के समक्ष ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि शादी के बाद से ही ललिता को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था।

उन्होंने दावा किया कि ललिता की हत्या करने के बाद पूरे मामले को दबाने और सच्चाई छिपाने के उद्देश्य से शव को फंदे से लटकाकर इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की जा रही है। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए जमुआ थाना पुलिस तुरंत दलबल के साथ मौके पर पहुंची और उद्वेलित लोगों को शांत कराया।

पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर अपने कब्जे में लिया और पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। जमुआ थाना पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला संदेहास्पद है और पुलिस ऑन-स्पॉट जांच के साथ-साथ हर संभावित एंगल से तफ्तीश कर रही है।

फिलहाल, पुलिस फरार पति और ससुराल वालों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   24 May 2026 8:28 PM IST

Tags

Next Story