गोवा शिपयार्ड में 50 अप्रेंटिस पदों पर आवेदन शुरू, 15 जुलाई तक फॉर्म भरने का मौका
पणजी, 2 जुलाई (आईएएनएस)। गोवा शिपयार्ड लिमिटेड (जीएसएल) ने अलग-अलग विषयों के अनुसार एक से दो वर्ष की अवधि के लिए अप्रेंटिस के विभिन्न 50 पदों पर योग्य और इच्छुक उम्मीवारों की नियुक्ति के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी करके आवेदन आमंत्रित किए हैं।
जीएसएल की ओर से 50 अप्रेंटिस पदों के लिए जारी रिक्तियों में ग्रेजुएट इंजीनियर्स अप्रेंटिस के 15, टेक्नीशियन अप्रेंटिस के 5 और ग्रेजुएट (जनरल स्ट्रीम) अप्रेंटिस के 30 पद शामिल हैं।
विषय के अनुसार ग्रेजुएट इंजीनियर्स अप्रेंटिस के 15 पदों में मैकेनिकल इंजीनियरिंग के 6, इलेक्ट्रिकल/इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग के 4, इलेक्ट्रॉनिक्स और टेलीकम्युनिकेशन इंजीनियरिंग/इलेक्ट्रॉनिक कंप्यूटर साइंस के 2, आईटी/कंप्यूटर इंजीनियरिंग के 2 और सिविल इंजीनियरिंग का 1 पद शामिल हैं।
टेक्नीशियन अप्रेंटिस के 5 पदों में मैकेनिकल इंजीनियरिंग के 3 और आईटी/कंप्यूटर इंजीनियरिंग के 2 पद एवं नॉन-इंजीनियरिंग ग्रेजुएट अप्रेंटिस के 30 पद शामिल हैं।
अप्रेंटिस के इन सभी पोस्ट के लिए ऑफलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 15 जुलाई तय की गई है। ऐसे में जो पात्र उम्मीदवार इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरना चाहते हैं, उन्हें तय समय सीमा के अंदर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म निर्धारित पते पर पहुंचाने की सलाह दी जाती है।
ग्रेजुएट इंजीनियर्स अप्रेंटिस पदों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास संबंधित विषय में बीई या बीटेक की डिग्री, टेक्नीशियन अप्रेंटिस के लिए संबंधित विषय में इंजीनियरिंग का डिप्लोमा एवं नॉन-इंजीनियरिंग ग्रेजुएट अप्रेंटिस पदों के लिए बीकॉम, बीए या बीएससी की डिग्री होनी चाहिए।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों के आधार पर शॉर्टलिस्टिंग, लिखित परीक्षा, इंटरव्यू और प्रैक्टिकल परीक्षा के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स को टेक्नीशियन अप्रेंटिस पद के लिए 10,900 रुपए, ग्रेजुएट इंजीनियर्स अप्रेंटिस पोस्ट के लिए 12,300 रुपए और नॉन-इंजीनियरिंग ग्रेजुएट अप्रेंटिस पदों के लिए प्रथम वर्ष 12,300 रुपए और दूसरे वर्ष 13,530 रुपए प्रतिमाह स्टाइपेंड के तौर पर दिए जाएंगे।
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले जीएसएल की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित पोस्ट के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। इसके बाद सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स के साथ आवेदन पत्र को एक लिफाफे में डालकर उसे विभाग प्रमुख (एचआर और प्रशासन), गोवा शिपयार्ड लिमिटेड, वाड्डम, वास्को-द-गामा, गोवा - 403 802' पते पर तय समय सीमा के अंदर पहुंचा दें।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   2 July 2026 4:57 PM IST












