गोरेगांव में दर्दनाक हादसा तेज रफ्तार टेम्पो ने टैक्सी चालक को कुचला, मौत

गोरेगांव में दर्दनाक हादसा तेज रफ्तार टेम्पो ने टैक्सी चालक को कुचला, मौत
मुंबई के गोरेगांव इलाके में तेज रफ्तार टेम्पो की टक्कर से 68 वर्षीय टैक्सी चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मजहरुल खान के रूप में हुई है। हादसे के बाद टेम्पो चालक मौके से फरार हो गया।

मुंबई, 29 जून (आईएएनएस)। मुंबई के गोरेगांव इलाके में तेज रफ्तार टेम्पो की टक्कर से 68 वर्षीय टैक्सी चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान मजहरुल खान के रूप में हुई है। हादसे के बाद टेम्पो चालक मौके से फरार हो गया।

आरे पुलिस ने आरोपी चालक धर्मेंद्र यादव के खिलाफ मामला दर्ज किया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है।

मुंबई पुलिस के अनुसार, यह हादसा गोरेगांव स्थित आरे-पवई रोड पर हुआ। मजहरुल खान टैक्सी चालक थे और सोमवार सुबह करीब 8 बजे रोज की तरह काम के लिए घर से निकले थे।

करीब 11:30 बजे वह यूनिट नंबर-22 के पास खड़े थे, तभी तेज रफ्तार से आ रहे एक टेम्पो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उन्हें कमर सहित शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही उठने-चलने में असमर्थ हो गए।

घटना के बाद मजहरुल खान ने अपने बेटे इस्तेखार खान को फोन कर हादसे की जानकारी दी। सूचना मिलते ही इस्तेखार मौके पर पहुंचे और घायल पिता को इलाज के लिए जोगेश्वरी स्थित ट्रॉमा केयर अस्पताल ले गए।

अस्पताल में मोहम्मद आसिफ सिद्दीकी नामक युवक ने परिजनों से संपर्क कर बताया कि वह हादसे में शामिल टेम्पो का सुपरवाइजर है। उसने चालक की पहचान धर्मेंद्र यादव के रूप में की।

इलाज के दौरान दोपहर करीब 1:45 बजे मजहरुल खान ने दम तोड़ दिया। अस्पताल से सूचना मिलने पर आरे पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

इस्तेखार खान की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी धर्मेंद्र यादव के खिलाफ तेज और लापरवाही से वाहन चलाने तथा उसकी वजह से मौत होने की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है।

मुंबई पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद आरोपी चालक फरार हो गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए तलाश अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   29 Jun 2026 11:14 PM IST

Tags

Next Story