सरकारी बॉन्ड बाजार को और गहरा बनाना जरूरी, सिर्फ 5 सिक्योरिटीज में सिमटी 72 प्रतिशत लिक्विडिटी आरबीआई डिप्टी गवर्नर

मुंबई, 24 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के डिप्टी गवर्नर रोहित जैन ने सरकारी प्रतिभूति (जी-सेक) बाजार को अधिक गहरा, तरल और विविध बनाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए मंगलवार को कहा कि वर्तमान में सेकेंडरी मार्केट की लिक्विडिटी अत्यधिक सीमित दायरे में केंद्रित है। उन्होंने बताया कि पिछले 12 महीनों में सरकारी बॉन्ड बाजार की करीब 72 प्रतिशत लिक्विडिटी केवल पांच सबसे ज्यादा कारोबार वाली प्रतिभूतियों में सिमटी रही, जो बाजार के लिए चिंता का विषय है।
मुंबई में आयोजित प्राइमरी डीलर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (पीडीएआई) सेमिनार 2026 को संबोधित करते हुए जैन ने कहा कि प्राइमरी डीलर्स (पीडी) की भूमिका अब केवल नीलामियों में भाग लेने तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। उन्हें निवेशक आधार बढ़ाने, बाजार की गहराई विकसित करने और लिक्विडिटी को विभिन्न अवधि की प्रतिभूतियों तक फैलाने में सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
उन्होंने कहा कि आरबीआई ने वर्ष 1996 में प्राइमरी डीलर सिस्टम की शुरुआत सरकारी प्रतिभूति बाजार के ढांचे को मजबूत करने, निवेशकों की भागीदारी बढ़ाने और सेकेंडरी मार्केट में तरलता विकसित करने के उद्देश्य से की थी। वर्तमान में देश में आरबीआई द्वारा अधिकृत 21 प्राइमरी डीलर हैं, जिनमें 7 स्टैंडअलोन प्राइमरी डीलर और 14 बैंक समर्थित प्राइमरी डीलर शामिल हैं।
रोहित जैन ने कहा, "प्राथमिक बाजार में प्राइमरी डीलर्स का प्रदर्शन संतोषजनक रहा है। पिछले कुछ वर्षों में उन्होंने सरकारी प्रतिभूतियों की अधिसूचित राशि का 50 प्रतिशत से अधिक हिस्सा सब्सक्राइब किया है। वित्त वर्ष 2024-25 में यह भागीदारी 65 प्रतिशत थी, जो 2025-26 में घटकर 54 प्रतिशत रह गई। हालांकि चालू वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही में यह आंकड़ा फिर बढ़कर 58 प्रतिशत पर पहुंच गया। ट्रेजरी बिल बाजार में भी उनकी भागीदारी 73 से 76 प्रतिशत के बीच बनी रही।"
इसके बावजूद उन्होंने सेकेंडरी मार्केट की संरचना पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि बाजार का अधिकांश कारोबार 10 वर्षीय सरकारी प्रतिभूतियों में केंद्रित है, जबकि पांच वर्ष से कम अवधि और 15 वर्ष से अधिक अवधि वाली प्रतिभूतियों में कारोबार का हिस्सा केवल 7-7 प्रतिशत है। राज्य सरकारों की प्रतिभूतियों (एसडीएल) का योगदान भी कुल टर्नओवर में महज 5 प्रतिशत के आसपास है।
जैन ने आगे कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों की उधारी आवश्यकताएं लगातार बढ़ रही हैं। ऐसे में यदि बॉन्ड यील्ड में मामूली वृद्धि भी होती है तो सरकारों के ब्याज भुगतान पर बड़ा प्रभाव पड़ सकता है।
उन्होंने कहा कि भारतीय सरकारी बॉन्ड बाजार अभी भी मुख्य रूप से घरेलू संस्थागत निवेशकों पर निर्भर है। मार्च 2026 के अंत तक वाणिज्यिक बैंकों के पास कुल सरकारी प्रतिभूतियों की लगभग 35 प्रतिशत होल्डिंग थी। वहीं, बीमा और पेंशन फंड धीरे-धीरे इक्विटी निवेश की ओर बढ़ रहे हैं, जिससे लंबी अवधि के बॉन्ड की मांग पर असर पड़ रहा है।
डिप्टी गवर्नर ने प्राइमरी डीलर्स से अपील की कि वे रिटेल डायरेक्ट स्कीम के तहत व्यक्तिगत निवेशकों की भागीदारी बढ़ाने के लिए अधिक प्रयास करें। उन्होंने कहा कि नवंबर 2021 में शुरू हुई इस योजना के तहत अक्टूबर 2026 तक लगभग 8,438 करोड़ रुपए के लेन-देन में प्राइमरी डीलर्स ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने यह भी कहा, "प्राइमरी डीलर्स को अंडरराइटिंग नीलामियों में जिम्मेदार बोली व्यवहार अपनाना चाहिए, विदेशी मुद्रा (फॉरेक्स) बाजारों में अधिक सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए और तकनीकी अवसंरचना को मजबूत करने के साथ-साथ साइबर सुरक्षा में निवेश बढ़ाना चाहिए।" उन्होंने कहा कि तेजी से डिजिटल होते वित्तीय बाजारों में परिचालन क्षमता और साइबर रेजिलियंस भविष्य की सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकताओं में शामिल हैं।
जैन ने कहा कि यदि भारत को तेजी से बढ़ती सरकारी उधारी आवश्यकताओं को प्रभावी ढंग से पूरा करना है और बॉन्ड बाजार को वैश्विक मानकों के अनुरूप विकसित करना है, तो बाजार सहभागियों को मिलकर इसके दायरे, गहराई और निवेशक आधार का विस्तार करना होगा।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :  
