तेलुगु राज्यों के राज्यपाल, मुख्यमंत्री ने दीवाली पर लोगों को दी शुभकामनाएं

तेलुगु राज्यों के राज्यपाल, मुख्यमंत्री ने दीवाली पर लोगों को दी शुभकामनाएं
तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के राज्यपालों और मुख्यमंत्रियों ने सोमवार को दिवाली के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं।

हैदराबाद, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के राज्यपालों और मुख्यमंत्रियों ने सोमवार को दिवाली के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं।

तेलंगाना के राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा और मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने दीपावली के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं।

राज्यपाल ने अपने संदेश में कहा, "मुझे विश्वास है कि इस तरह के अवसर हमें आधुनिक समय की बुराइयों पर विजय पाने और एक ऐसे समाज का निर्माण करने के लिए प्रेरित करते हैं जिसमें शांति, सौहार्द और सांप्रदायिक सद्भाव कायम रहे।"

वर्मा ने लोगों से इस त्योहार को मनाने के लिए स्थानीय उत्पाद खरीदने की अपील की, ताकि आत्मनिर्भर भारत की सच्ची भावना के साथ स्वदेशी निर्माताओं के जीवन में नई रोशनी लाई जा सके।

उन्होंने आगे कहा कि यह दीपावली नए विचारों का सूत्रपात करे और नए आदर्शों को बढ़ावा दे, जिससे हमारे आस-पास के लोगों के जीवन में उज्ज्वलता, खुशी और समृद्धि बढ़े। मैं एक बार फिर राज्य के लोगों को हार्दिक बधाई देता हूँ और उनकी खुशहाली और समृद्धि की कामना करता हूं।

रेवंत रेड्डी ने अपने संदेश में कहा कि जनता की सरकार तेलंगाना के लोगों के जीवन में नई रोशनी लेकर आई है और कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी वर्गों तक पहुंचाकर समावेशी विकास हासिल करने की दिशा में प्रयास कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह त्योहार बुरी शक्तियों पर अच्छाई की जीत के प्रतीक के रूप में मनाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कामना की कि लोग दिवाली हर्षोल्लास के साथ मनाएं और हर घर दीपक की रोशनी से जगमगा उठे। उन्होंने सभी आयु वर्ग के लोगों से पर्यावरण को नुकसान पहुंचाए बिना त्योहार मनाने और पटाखे जलाते समय उचित सावधानी बरतने की अपील की।

आंध्र प्रदेश के राज्यपाल सैयद अब्दुल नजीर ने दीपावली के अवसर पर लोगों को शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा, "दीपावली का प्रकाश सभी के लिए शांति, समृद्धि और खुशी लाए। यह त्योहार अंधेरे पर उजाले, बुराई पर अच्छाई और अज्ञान पर ज्ञान की जीत का प्रतीक है। दीपावली की रोशनी हमें बुरी इच्छाओं और विचारों को खत्म करने, बुराइयों को दूर करने और एक-दूसरे की मदद करने की ताकत देती है। यह त्योहार हमें शांति, भाईचारा और सांप्रदायिक सद्भाव से भरा समाज बनाने की प्रेरणा देता है।"

मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने भी लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, "यह वह दिन है जब श्रीकृष्ण और सत्यभामा ने मिलकर नरकासुर का वध किया, जो दुनिया को परेशान कर रहा था। दीवाली अंधेरे को हटाकर उजाला लाने का त्योहार है। मैं कामना करता हूं कि यह दीवाली लोगों के जीवन में और अधिक रोशनी लाए और हमारा राज्य प्रगति के साथ चमके।"

उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण ने सभी तेलुगु लोगों को दीवाली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा, "भारत में मनाए जाने वाले हर त्योहार का गहरा अर्थ है। यह हमें जीवन जीने का तरीका सिखाता है। हम दीवाली को अंधेरे पर उजाले और बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक के रूप में मनाते हैं।"

पवन कल्याण ने कहा, "दीवाली से प्रेरित होकर लोग नए युग के नरकासुरों को हराने के लिए लोकतांत्रिक लड़ाई में एकजुट हुए हैं। ये नरकासुर मारीच की तरह हैं, जो रूप बदलकर, हार से नाराज होकर लोगों में फूट डालते हैं और अशांति फैलाने की साजिश रचते हैं। इसलिए, सभी को सतर्क रहना चाहिए और इन नए नरकासुरों और उनके अनुयायियों को सबक सिखाते रहना चाहिए। महिलाओं को सत्यभामा का रूप अपनाना चाहिए।"

पवन कल्याण ने लोगों को पटाखों का उपयोग करते समय सावधानी बरतने और पर्यावरण के अनुकूल तरीके से दीवाली मनाने की सलाह दी।

वायएसआर कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस जगन मोहन रेड्डी ने भी लोगों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह त्योहार अज्ञान पर ज्ञान और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। उन्होंने दुनिया भर के तेलुगु लोगों को शुभकामनाएं देते हुए उनके जीवन में अधिक रोशनी की कामना की।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   20 Oct 2025 3:39 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story