ग्रेटर नोएडा में काली थार का तांडव पेट्रोल पंप से डीजल भरवाकर फरार, सेल्समैन को मारी टक्कर
ग्रेटर नोएडा, 27 फरवरी (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के थाना बादलपुर क्षेत्र में शुक्रवार को एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां बिना नंबर की काली थार गाड़ी ने पेट्रोल पंप से डीजल भरवाने के बाद भुगतान किए बिना फरार होकर हड़कंप मचा दिया।
आरोपी चालक ने पीछा कर रहे पेट्रोल पंप कर्मी को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद बादलपुर, दादरी और जारचा पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए करीब 10 किलोमीटर तक पीछा कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, एनटीपीसी कट के पास स्थित एक पेट्रोल पंप पर बिना नंबर की थार गाड़ी पहुंची। चालक ने गाड़ी में डीजल फुल टैंक भरवाया, लेकिन भुगतान किए बिना ही वाहन को तेज रफ्तार में दादरी बाईपास की ओर भगा दिया।
यह देख पंप पर तैनात सेल्समैन कुलदीप शर्मा (पुत्र नरेंद्र शर्मा), निवासी दादरी, अपनी मोटरसाइकिल से थार का पीछा करने लगा। दादरी बाईपास पर कोट चौकी क्षेत्र में कुलदीप ने थार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी चालक ने वाहन नहीं रोका। इसी दौरान तेज रफ्तार थार से मोटरसाइकिल टकरा गई, जिससे कुलदीप सड़क पर गिरकर घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी चालक ने लापरवाही से गाड़ी चलाते हुए कई अन्य मोटरसाइकिल सवारों को भी टक्कर मारी। आरोप है कि वह घायल सेल्समैन को कुछ दूरी तक घसीटता भी ले गया। घटना की सूचना मिलते ही बादलपुर, दादरी और जारचा थाना पुलिस ने घेराबंदी कर दी। पुलिस टीमों ने लगभग 10 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद थार को पकड़ लिया। आ
रोपी की पहचान हर्ष पुत्र मनोज, निवासी ग्राम जोली, थाना सिकंदराबाद, जनपद बुलंदशहर, उम्र करीब 22 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे वाहन सहित हिरासत में ले लिया है। घायल सेल्समैन कुलदीप शर्मा को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार उनकी स्थिति अब सामान्य है। पूरी घटना पेट्रोल पंप और रास्ते में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, जिसके आधार पर आगे की जांच की जा रही है। थाना बादलपुर पुलिस ने तहरीर प्राप्त कर ली है और आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   27 Feb 2026 11:13 PM IST












